बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट
पेट्रोलिंग वाहन को स्विफ्ट डिजायर ने मारी टक्कर, चालक बाल-बाल बचा।

बोकारो: गुरुवार की अहले सुबह बोकारो जिला के बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के जारंगडीह स्थित ढोरी माता के समीप बीटीपीएस थाना की पेट्रोलिंग वाहन को एक स्विफ्ट डिजायर कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में पुलिस वाहन का चालक बाल-बाल बच गया। जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब चार बजे की है। बीटीपीएस थाना की पुलिस टीम रात्रि गश्त पर निकली हुई थी। इसी दौरान सामने से आ रही स्विफ्ट डिजायर कार संख्या JH09BB-2717 ने गश्ती वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। मामले को लेकर एएसआई संजय कश्यप ने बताया कि कार धनबाद जिले के महुदा निवासी भरत रजक की है। घटना के समय वाहन उनका पुत्र बंटी रजक चला रहा था। पूछताछ में चालक ने बताया कि वाहन चलाने के दौरान अचानक आंख लग जाने के कारण यह हादसा हुआ।घटना के बाद पुलिस ने चालक बंटी रजक एवं उसके पिता भरत रजक को थाना लाकर पूछताछ की। बाद में दोनों को छोड़ दिया गया। एएसआई ने बताया कि मामले में किसी प्रकार की प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है तथा पुलिसकर्मी और कार सवार सभी सुरक्षित हैं।