बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट
चतरोचट्टी पुलिस की पहल बच्चों को सीखाए साइबर सुरक्षा और ट्रैफिक नियम डायल 112,की दी जानकारी
बोकारो :कम्युनिटी आउटरीच प्रोग्राम के तहत गुरुवार 7 मई 2026 को बोकारो जिला के चतरोचट्टी थाना पुलिस ने उच्च विद्यालय, चतरोचट्टी में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। थाना प्रभारी शशि शेखर के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों और शिक्षकों को विभिन्न कानूनी और सुरक्षा संबंधी जानकारियां दी गईं।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी शशि शेखर ने डायल 112 की उपयोगिता, साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930, पॉक्सो एक्ट, साइबर अपराध से बचाव और सड़क सुरक्षा नियमों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने बच्चों को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 पर तुरंत पुलिस सहायता ली जा सकती है। वहीं साइबर ठगी या ऑनलाइन फ्रॉड होने पर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज करानी चाहिए।थाना प्रभारी ने बच्चों को गुड टच-बैड टच के बारे में जागरूक करते हुए पॉक्सो एक्ट की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोई भी व्यक्ति अगर गलत नीयत से छूता है या परेशान करता है तो तुरंत अपने माता-पिता, शिक्षक या पुलिस को बताएं। साथ ही मोबाइल और सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, अनजान लिंक पर क्लिक न करने और ओटीपी किसी से शेयर न करने की सलाह दी।बच्चों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी ने कहा कि बिना हेलमेट दोपहिया वाहन न चलाएं, तेज गति से वाहन न चलाएं और यातायात नियमों का पालन करें। उन्होंने कहा कि जागरूक नागरिक ही सुरक्षित समाज की नींव रखते हैं।थाना प्रभारी शशि शेखर ने कहा कि कम्युनिटी आउटरीच प्रोग्राम का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच की दूरी को कम करना और लोगों को कानून के प्रति जागरूक बनाना है। इस तरह के कार्यक्रमों से अपराध में कमी आएगी और लोग अपनी सुरक्षा के प्रति सजग होंगे। कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।