राजाखेड़ा में योगा फॉर सेल्फ एंड सोसाइटी थीम के साथ मनाया गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस,तहसीलदार ने कहा स्वस्थ जीवन शैली के लिए योग बेहद जरूरी
राजाखेड़ा-:कस्बे में आज शुक्रवार को दसवां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया।कार्यक्रम का आयोजन स्थानीय आदर्श माध्यमिक विद्यालय में किया गया जहां शारीरिक शिक्षक अनिल मिश्रा ने विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया। इस दौरान राजाखेड़ा तहसीलदार टिकेंद्र सिंह ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जीवनशैली में स्वस्थ रहने के लिए योग बेहद जरूरी है। योग के द्वारा कई गंभीर बीमारियों से बचाव किया जा सकता है। योग भारत की एक प्राचीन पद्धति है जिसकी आज के समय में बेहद जरूरत है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र ने 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के रूप में घोषित किया था, तब से प्रतिवर्ष 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है। इस बार योग दिवस योगा फॉर सेल्फ़ एंड सोसाइटी थीम को लेकर मनाया गया है। उन्होंने कहा कि सभी लोग अपनी व्यस्ततम जीवनशैली में से रोजाना कुछ समय निकालकर सुबह के समय योग अवश्य करें। योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है साथ ही शरीर में ताजगी और स्फूर्ति का संचार होता है,जिससे शरीर में काम करने की क्षमता में वृद्धि होती है। इस दौरान राजाखेड़ा तहसीलदार टिकेंद्र सिंह के साथ सामाजिक सुरक्षा अधिकारी आरुषि गुप्ता, शिक्षा विभाग से चरन सिंह,काले खां, चिकित्सा विभाग से डॉ. राहुल कौशिक,नितिन दीक्षित,नगर पालिका कर्मचारी मोहर सिंह,विजय सिंह उर्फ बॉबी, संजय, अविनाश तोमर गोपाल नागर सहित अन्य विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। संवाददाता मनोज राघव राजाखेड़ा