अधूरे स्कूल भवन निर्माण पर पूर्व सरपंच को दूसरा कारण बताओ नोटिस

चित्रलेखा श्रीवास की रिपोर्ट
मो.7440269778

अधूरे स्कूल भवन निर्माण पर पूर्व सरपंच को दूसरा कारण बताओ नोटिस

 

करतला/कोरबा। कोरबा जिले के जनपद पंचायत करतला ने ग्राम पंचायत दादरकला के पूर्व सरपंच जीवराखन कंवर को स्कूल भवन निर्माण कार्य अधूरा रहने के मामले में द्वितीय कारण बताओ सूचना जारी की है।
जारी नोटिस के अनुसार वर्ष 2023-24 में ग्राम पंचायत दादरकला अंतर्गत ढेलवाडीह में नवीन प्राथमिक शाला भवन निर्माण एवं पुराने भवन के विनिष्टीकरण कार्य के लिए 15.65 लाख रुपये की लागत स्वीकृत की गई थी। इस कार्य के लिए ग्राम पंचायत को 12.52 लाख रुपये की राशि भी प्रदान की जा चुकी है। इसके बावजूद निर्माण कार्य आज तक पूर्ण नहीं हो पाया है।
प्रशासन के अनुसार वर्तमान स्थिति में भवन का केवल प्लास्टर कार्य ही पूरा हुआ है, जबकि संपूर्ण निर्माण कार्य अभी अधूरा है। नोटिस में कहा गया है कि निर्माण कार्य की प्रगति के प्रति कोई विशेष रुचि नहीं ली गई, जो शासकीय कार्यों के प्रति उदासीनता एवं लापरवाही को दर्शाता है।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी वैभव कौशिक, जनपद पंचायत करतला ने पूर्व सरपंच से तीन दिवस के भीतर लिखित जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही संबंधित उप अभियंता से संपर्क कर निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कराने को कहा गया है।
नोटिस में स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि निर्धारित समयावधि में कार्य पूर्ण नहीं होने की स्थिति में पंचायत राज अधिनियम 1993 की धारा 92 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई के लिए उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेजा जाएगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!