अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, धौलपुर के निर्देशन में ताल्लुका विधिक सेवा समिति,

राजाखेडा के तत्वावधान में सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट आकाश शर्मा के द्वारा परिवर्तनकारी मंगलवार एक विशेष जागरूकता अभियान के तहत “अजनबी से सावधान, मना करो, दूर रहो, बताओ” शीर्षक पर बच्चों को सतर्क रहने व सुरक्षित रहने के उद्देश्य से पी.डी. कॉन्वेंट स्कूल, राजाखेड़ा में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री आकाश शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अपहरण एवं मानव तस्करी के कारणों, दुष्परिणामों तथा इससे बचाव के उपायों की जानकारी दी। न्यायिक मजिस्ट्रेट आकाश शर्मा ने विद्यार्थियों को बताया कि अपहरण एवं मानव तस्करी गंभीर अपराध हैं, जिनसे बच्चों एवं कमजोर वर्गों के अधिकारों और सुरक्षा पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों को ऐसे अपराधों के प्रति सतर्क रहने तथा किसी भी संदिग्ध परिस्थिति की तत्काल जानकारी अपने माता-पिता, शिक्षक अथवा पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सरल भाषा में अपहरण एवं मानव तस्करी से संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि कानून पीड़ितों को सुरक्षा एवं सहायता प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अनजान व्यक्तियों पर आसानी से विश्वास न करने, अपनी व्यक्तिगत जानकारी किसी अपरिचित व्यक्ति के साथ साझा न करने तथा सोशल मीडिया एवं ऑनलाइन माध्यमों का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी। इसके अलावा वे चाईल्ड हेल्पलाईन नंबर 1098, पुलिस आपातकाल नंबर 100, 112 महिला हेल्पलाईन नंबर 181 रालसा हेल्पलाईन नंबर 15100 पर कॉल करके अपनी शिकायत दर्ज करवा सकती है। शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने विषय से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका न्यायिक मजिस्ट्रेट द्वारा सरल एवं व्यावहारिक तरीके से उत्तर दिया गया। उन्होंने विद्यार्थियों से समाज में जागरूकता फैलाने तथा अपने आसपास के लोगों को भी ऐसे अपराधों के प्रति सचेत करने का आह्वान किया। विद्यालय प्रशासन ने न्यायिक मजिस्ट्रेट आकाश शर्मा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों एवं व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति सजग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन विद्यार्थियों को सतर्क रहने, सुरक्षित रहने तथा अपहरण एवं मानव तस्करी के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का संदेश देते हुए किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रिंसिपल किट्टो सिंह, समस्त विद्यालय स्टाफ, अंकित मंगल, डोंगर सिंह, सूरजभान, गीताराम दुर्गेश, घनश्याम आदि मौजूद रहें। ब्यूरो चीफ मनोज राघव राजाखेड़ा धौलपुर