धौलपुर पुलिस के एएसआई श्री नीरज शर्मा को मिला राज्य स्तरीय दैनिक भास्कर पुलिस प्राइड अवार्ड

रिटायर्ड वैद्य से हुई लूट की वारदात का वैज्ञानिक अनुसंधान एवं तकनीकी साक्ष्यों से खुलासा करने पर धौलपुर पुलिस के एएसआई श्री नीरज शर्मा को मिला राज्य स्तरीय दैनिक भास्कर पुलिस प्राइड अवार्ड

दैनिक भास्कर पुलिस प्राइड अवार्ड समारोह में जयपुर में किया गया सम्मानित

 

पिछले वर्ष 2025 में थाना बाड़ी क्षेत्र में रिटायर्ड वैद्य के साथ हुई लूट की वारदात का वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्यों एवं तत्परता से खुलासा कर मुलजिम को गिरफ्तार करने तथा माल-मशरूका बरामद करने में सराहनीय एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले थाना बाड़ी के सहायक उप निरीक्षक नीरज शर्मा पुत्र रमेश शर्मा को राज्य स्तरीय दैनिक भास्कर पुलिस प्राइड अवार्ड से सम्मानित किया गया। दिनांक 02 सितम्बर 2026 को जयपुर में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में एएसआई नीरज शर्मा को उनके उत्कृष्ट पुलिस कार्य एवं अनुसंधान के लिए सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान धौलपुर पुलिस के लिए गौरव का विषय है तथा जिले में अपराधों के अनुसंधान एवं अपराधियों की धरपकड़ के लिए पुलिस द्वारा किए जा रहे तकनीकी एवं वैज्ञानिक प्रयासों को भी रेखांकित करता है। पिछले वर्ष 2025 में थाना बाड़ी क्षेत्र में एक रिटायर्ड वैद्य के साथ लूट की गंभीर वारदात घटित हुई थी। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा वारदात के खुलासे के लिए विभिन्न पहलुओं पर गहनता से अनुसंधान किया गया। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन एवं तत्कालीन थानाधिकारी थाना बाड़ी देवेन्द्र शर्मा के सुपरविजन में सहायक उप निरीक्षक नीरज शर्मा द्वारा प्रकरण में तत्परता से कार्य करते हुए घटनास्थल एवं वारदात से जुड़े विभिन्न पहलुओं का बारीकी से विश्लेषण किया गया। अनुसंधान के दौरान वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्यों एवं उपलब्ध सूचनाओं का समन्वय करते हुए पुलिस टीम ने वारदात से जुड़े महत्वपूर्ण सुराग जुटाए। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदिग्धों की पहचान एवं उनकी गतिविधियों की पड़ताल की गई, जिससे पुलिस को वारदात के खुलासे में महत्वपूर्ण सफलता मिली। लगातार एवं प्रभावी अनुसंधान के परिणामस्वरूप प्रकरण में मुलजिम को गिरफ्तार किया गया तथा वारदात में लूटा गया माल-मशरूका बरामद करने में सफलता हासिल की गई। एएसआई नीरज शर्मा द्वारा प्रकरण में प्रदर्शित तत्परता, वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी साक्ष्यों के प्रभावी उपयोग एवं अपराध के सफल खुलासे को देखते हुए उन्हें दैनिक भास्कर द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय पुलिस प्राइड अवार्ड-2026 में सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान ने एएसआई नीरज शर्मा को बधाई देते हुए कहा कि पुलिस का प्रभावी अनुसंधान एवं तकनीक का बेहतर उपयोग अपराधों के खुलासे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के उत्कृष्ट कार्य पुलिस अधिकारियों एवं जवानों को और अधिक लगन एवं समर्पण के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित करते हैं। संवाददाता ब्यूरो चीफ मनोज राघव राजाखेड़ा धौलपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!