नगर निकाय चुनाव को लेकर धौलपुर पुलिस अलर्ट, चुनाव वाले कस्बों एवं धौलपुर शहर में लगातार फ्लैग मार्च व पैदल गश्त

नगर निकाय चुनाव को लेकर धौलपुर पुलिस अलर्ट, चुनाव वाले कस्बों एवं धौलपुर शहर में लगातार फ्लैग मार्च व पैदल गश्त

आगामी नगर निकाय चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने के लिए धौलपुर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी श्रवण कुमार झोरड़ के सुपरविजन में जिले में चुनावी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस द्वारा लगातार सतर्कता एवं निगरानी बरती जा रही है।

नगर निकाय चुनाव वाले कस्बों के साथ-साथ धौलपुर शहर के प्रमुख बाजारों, संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा प्रमुख मार्गों पर पुलिस बल द्वारा नियमित रूप से फ्लैग मार्च एवं पैदल गश्त की जा रही है। इसका उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करना तथा असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों में कानून का भय पैदा करना है।

फ्लैग मार्च एवं पैदल गश्त के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं जवानों द्वारा क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले किसी भी प्रयास के विरुद्ध सख्त एवं प्रभावी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस द्वारा चुनाव के दौरान आचार संहिता का पालन सुनिश्चित कराने, अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने तथा कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए विशेष निगरानी रखी जा रही है। पुलिस टीमों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर संवेदनशील स्थानों की निगरानी करने तथा किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।

धौलपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नगर निकाय चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री का प्रसार न करें। किसी व्यक्ति द्वारा चुनाव को प्रभावित करने, मतदाताओं को डराने-धमकाने, प्रलोभन देने अथवा कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास किए जाने की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें।

धौलपुर पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि नगर निकाय चुनाव स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संवाददाता ब्यूरो चीफ मनोज राघव राजाखेड़ा धौलपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!