ब्यूरो रिपोर्ट पलामू
पाटन प्रखंड के पंचायत सचिवालय किशुनपुर के सभागार में शुक्रवार को ग्राम पंचायत समन्वय समिति (GPCC) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई
बैठक की अध्यक्षता मुखिया सुमन गुप्ता ने की।
बैठक में पंचायत क्षेत्र में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकास योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इस अवसर पर मुखिया सुमन गुप्ता ने कहा कि पंचायत के समग्र एवं सतत विकास के लिए सभी विभागों, जनप्रतिनिधियों एवं समुदाय के बीच बेहतर समन्वय और सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा लाभुकों तक समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर विशेष बल दिया।
बैठक में विशेष रूप से सरकारी योजनाओं के धरातलीय क्रियान्वयन, नशामुक्ति जागरूकता अभियान को गति देने, स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने तथा शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्ता सुधार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही पंचायत स्तर पर विभिन्न विभागों के बीच समन्वय बढ़ाने और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया।
बैठक में पीरामल फाउंडेशन सृजनी चक्रवर्ती, वार्ड सदस्य पुतुल कुंवर, तेतरी देवी, रेखा देवी, अखिलेश मांझी, उदय चौधरी,स्वास्थ्य सहिया, जल सहिया, आंगनबाड़ी सेविकाएं, विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक तथा विभिन्न सरकारी विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक का समापन पंचायत क्षेत्र के समग्र विकास, सामाजिक जागरूकता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सभी संबंधित पक्षों के सामूहिक सहयोग और सक्रिय सहभागिता के संकल्प के साथ हुआ।