चित्रलेखा श्रीवास की रिपोर्ट
मो.7440269778
महिला पत्रकार से दुर्व्यवहार और राशन वितरण में गड़बड़ी के आरोप, पंचायत सचिव पर जांच के आदेश
करतला//कोरबा जिले के करतला जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत दमखांचा के पंचायत सचिव रूपेश कुमार बिंझवार के खिलाफ महिला पत्रकार से दुर्व्यवहार एवं राशन वितरण में अनियमितता की शिकायत सामने आने के बाद प्रशासन ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत तुमान निवासी महिला पत्रकार श्रीमती चित्रलेखा श्रीवास ने 29 अप्रैल 2026 को शिकायत आवेदन प्रस्तुत कर आरोप लगाया कि 28 अप्रैल 2026 को वे ग्राम पंचायत दमखांचा के आश्रित ग्राम खरहरकुड़ा में राशन वितरण की जानकारी लेने पहुंची थीं। इस दौरान पंचायत सचिव द्वारा उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हुए अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया गया।
शिकायत में राशन वितरण व्यवस्था को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि हितग्राहियों को राशन वितरण से पहले फिंगर प्रिंट लिया जाता था और बाद में राशन दिया जाता था। साथ ही कई महीनों से शक्कर और चना वितरण नहीं किए जाने की बात भी सामने आई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत करतला ने तीन सदस्यीय जांच दल गठित किया है। जांच टीम में सहायक खाद्य अधिकारी एवं प्रभारी फूड इंस्पेक्टर श्री पारण सोलंकी, वरिष्ठ करारोपण अधिकारी श्री जनपद राम राठिया तथा सहायक विकास विस्तार अधिकारी श्री आलोक कुमार गुप्ता को शामिल किया गया है।
जांच दल को तीन दिवस के भीतर पूरे मामले की जांच कर अभिमत सहित प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है।