भरतपुर 6 मई 2026
नदबई के बरौलीछार में संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत,प्रशासन ने मौके पर पहुंच जुटाए साक्ष्य जांच जारी
भरतपुर..जिले के नदबई थाना क्षेत्र के गांव बरौलीछार में मंगलवार देर रात एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। 27 वर्षीय चंद्रवती पत्नी तेजपाल का शव घर के एक कमरे में फंदे से लटका हुआ पाया गया। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के अनुसार, देर रात जब काफी समय तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला और अंदर से कोई जवाब नहीं मिला, तो दरवाजा तोड़ा गया। अंदर चंद्रवती का शव लटका देख कोहराम मच गया। सूचना पर प्रशिक्षु आईपीएस एम.एन. भरत और सीओ अमर सिंह राठौड़ ने घटनास्थल का जायजा लिया। मृतका के भाई निनेश निवासी ऐचेरा ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए थाने में मामला दर्ज कराया है। रिपोर्ट के अनुसार, चंद्रवती की शादी मार्च 2022 में तेजपाल के साथ हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही पति, सास और अन्य परिजन सोने के गहनों व 5 लाख रुपए की मांग को लेकर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। भाई का आरोप है कि इसी प्रताड़ना के चलते उसकी बहन की हत्या की गई है। पुलिस ने बुधवार को राजकीय अस्पताल में मेडिकल बोर्ड के जरिए शव का पोस्टमार्टम कराया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पीहर पक्ष की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व एफएसएल के तथ्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है…!!
भरतपुर से हेमंत दुबे