बोकारो बेरमो से ब्यूरो
अनिल बरनवाल की रिपोर्ट
एमएमडीआर एक्ट के तहत सीआईएसएफ और सीसीएल की बड़ी कार्रवाई, 10.020 टन अवैध कोयला जब्त
बोकारो जिले के बेरमो थाना क्षेत्र में कोयला माफिया पर सीआईएसएफ और सीसीएल की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। 19 जुलाई 2026 रविवार को गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर 10.020 टन अवैध कोयला जब्त किया गया है। यह कार्रवाई माइन एंड मिनरल्स डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन एक्ट के तहत की गई सीआईएसएफ सीसीएल करगली के कमांडेंट राज प्रताप सिंह को सूचना मिली थी कि बी एंड के क्षेत्र में रामरतन स्कूल के पास जंगल इलाके में भारी मात्रा में अवैध कोयला जमा है। सूचना के सत्यापन के बाद गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए रामरतन स्कूल के पास जंगल से 7.620 टन और कारो क्षेत्र के कांटा संख्या-04 के समीप बस्ती से 2.400 टन अवैध कोयला बरामद किया। जब्त कोयले का वजन कराने के बाद उसे सीसीएल प्रबंधन को सुपुर्द कर दिया गया।इस संयुक्त कार्रवाई में उप कमांडेंट अभिलाष गारा, एएसओ पी.एन. सिंह, इंस्पेक्टर एस.आर. नायक, राजेश कुमार सरोज, सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार तिवारी, अमित कुमार,आरक्षक महिपाल सिंह, क्यूआरटी टीम, सीसीएल सुरक्षा कर्मी और अन्य जवान शामिल थे।सीआईएसएफ ने कहा है कि खन क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्क हैं। सीआईएसएफ और सीसीएल प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय के साथ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।