बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट
सीआईएसएफ की ‘जीरो कोल लीकेज’ मुहिम से कोयला माफियाओं में हड़कंप – 105 टन अवैध कोयला और 7 बाइक जब्त कोयला माफिया में हड़कंप
bokaro
बोकारो जिला के गांधीनगर थाना क्षेत्र में सीआईएसएफ ने ‘जीरो कोल लीकेज’ अभियान के तहत अवैध कोयला कारोबार पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की है। सीसीएल के बीएंडके एरिया अंतर्गत ‘स’ समवाय के बैदकारो डीसीसीपीएल पैच माइंस क्षेत्र में की गई छापेमारी में 105.420 टन अवैध कोयला और 7 मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं।सीसीएल परियोजना के बीएंडके एरिया अंतर्गत बैदकारो डीसीसीपीएल पैच माइंस क्षेत्र में अवैध कोयला उत्खनन, भंडारण एवं कोयले के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से सीआईएसएफ द्वारा चलाए जा रहे ‘जीरो कोल लीकेज’ अभियान के तहत 14/ 15 अक्टूबर 2026 को देर रात्रि रात 9.30 से रात्रि 1:00 बजे तक व्यापक छापेमारी अभियान चलाया गया।आसूचनाकर्मी से प्राप्त विश्वसनीय इनपुट के आधार पर एरिया कमांडर श्री राज प्रताप सिंह के नेतृत्व में सीआईएसएफ रेड टीम, आसूचनाकर्मी, स्थानीय पुलिस एवं सीसीएल प्रबंधन की संयुक्त टीम ने संबंधित क्षेत्र में सघन छापेमारी की।इस कार्रवाई के दौरान विभिन्न स्थानों पर अवैध रूप से भंडारित कुल 105.420 टन अवैध कोयला तथा 07 मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। सीसीएल प्रबंधन द्वारा बरामद कोयले की कीमत 4,46,277 रुपये (चार लाख छियालीस हजार दो सौ सतहत्तर रुपये) आंकी गई है। मामले में एमएमडीआर अधिनियम के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।सीआईएसएफ द्वारा कोयला क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए लगातार सघन गश्त, सूचना-आधारित कार्रवाई एवं आधुनिक निगरानी तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है।इसी क्रम में ड्रोन एवं श्वान दस्ता के माध्यम से भी संवेदनशील क्षेत्रों की नियमित निगरानी की जा रही है, जिससे दुर्गम स्थानों, संदिग्ध गतिविधियों एवं अवैध रूप से कोयला जमा करने वाले ठिकानों पर नजर रखने में सहायता मिलती है। जमीनी स्तर पर तैनात बल एवं तकनीकी निगरानी के समन्वय से अवैध गतिविधियों की पहचान और समयबद्ध कार्रवाई को और प्रभावी बनाया जा रहा है सीआईएसएफ की इस सतत निगरानी, जवाबदेह कार्यप्रणाली एवं त्वरित कार्रवाई से अवैध कोयला कारोबार में संलिप्त तत्वों पर दबाव बढ़ रहा है और उनमें बेचैनी बढ़ गई है।*
सीआईएसएफ अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्पक्षता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ कर रहा है। कोयला संपदा की सुरक्षा, औद्योगिक प्रतिष्ठानों की संरक्षा तथा राष्ट्रीय संपत्ति को नुकसान से बचाना बल की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। ‘जीरो कोल लीकेज’ अभियान इसी संकल्प का परिचायक है।*
सीआईएसएफ ने आम नागरिकों से अपील की है कि कोयला चोरी अथवा अन्य संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी संबंधित सुरक्षा एजेंसियों एवं प्रशासन को दें तथा राष्ट्रीय संपदा की सुरक्षा में सहयोग करें।उक्त छापामारी अभियान में उप कमांडेंट श्री गारा अभिलाष, श्री वर्पे सार्थक बाबाजी, श्री धनंजय कुमार पाण्डेय व अन्य सीआईएसएफ टीम, थाना प्रभारी गांधीनगर श्री धनंजय सिंह व टीम, परियोजना अधिकारी श्री वीएन पाण्डेय, सुरक्षा अधिकारी पीएन सिंह, सीसीएल सुरक्षा विभाग मनोज तिवारी व टीम शामिल थे।*