बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्नवाल की रिपोर्ट
सीसीएल कर्मी उत्तम चंद्र का क्वार्टर से मिला शव, परिवार में मचा कोहराम।
बोकारो जिला के कथारा स्थित सीएनडी कॉलोनी में 15 अक्टूबर 2026 गुरुवार की सुबह एक सीसीएल कर्मी का शव उनके क्वार्टर से बरामद होने के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई। मृतक की पहचान उत्तम चंद साव उम्र 59 वर्षीय पिता स्वर्गीय फतेचंद साव पता जवाहर नगर कारो थाना बेरमो के रूप में हुई है। वह सीसीएल के माइंस रेस्क्यू विभाग में कार्यरत थे। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, उनकी मृत्यु हृदय गति रुकने के कारण होने की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, उत्तम चंद्र सीएनडी कॉलोनी स्थित अपने क्वार्टर में अकेले थे। गुरुवार की सुबह उनके क्वार्टर में शव मिलने की खबर फैलते ही आसपास के लोग मौके पर जुटने लगे। घटना की सूचना मिलने पर कथारा ओपी प्रभारी राहुल कुमार राम पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक छानबीन की। इसके बाद शव को परिजनों के हवाले कर दिया गया। मृतक मूल रूप से बेरमो स्थित करो बस्ती के निवासी थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटे और एक बेटी हैं। उत्तम चंद्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार के सदस्यों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। वहीं, कॉलोनी के लोगों और परिचितों में भी घटना को लेकर शोक व्याप्त है। माइंस रेस्क्यू विभाग में कार्यरत उत्तम चंद्र के निधन से उनके सहकर्मियों और परिचितों के बीच भी दुख का माहौल है।