बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट
एमएमडीआर एक्ट के तहत सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई – 8.172 टन अवैध कोयला लदा महिंद्रा पिकअप वैन जब्त,

बोकारो जिला के बेरमो क्षेत्र में काले सोने के अवैध कारोबार पर सीआईएसएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। एमएमडीआर एक्ट के तहत सीआईएसएफ ने रानीबाग एरिया में नाका लगाकर 8.172 टन अवैध कोयला लदा महिंद्रा पिकअप वैन जब्त किया है। यह करगली क्षेत्र में इस कानून के तहत की गई 25वीं बड़ी कार्रवाई है। बेरमो क्षेत्र में काले सोने का खेल जोरों से चल रहा है। तस्वीरों से साफ है कि किस तरह कोयला माफिया बेखौफ होकर इस काले कारोबार को अंजाम दे रहे हैं।इसी पर अंकुश लगाने के लिए सीआईएसएफ यूनिट सीसीएल करगली के कमांडेंट श्री राज प्रताप सिंह के निर्देशानुसार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अवैध कोयला परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के उद्देश्य से लगातार एरिया डोमिनेशन गश्ती एवं छापामारी अभियान संचालित किया जा रहा है।इसी क्रम में,सीसीएल परियोजना के बी. एंड के. एरिया से प्राप्त खुफिया सूचना के आधार पर सीआईएसएफ की टीम ने रानीबाग एरिया में नाका लगाकर संदिग्ध महिंद्रा पिकअप वैन पंजीयन संख्या JH09BC-0490 पर लदे 8.172 टन अवैध कोयले को जब्त किया। खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 (एमएमडीआर एक्ट, 1957) के तहत प्राथमिकी दर्ज करवाने की प्रक्रिया चल रही है।*
उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा सीआईएसएफ को एमएमडीआर एक्ट के अंतर्गत प्रदत्त नवीन अधिकारों के तहत करगली क्षेत्र में की गई यह 25वीं बड़ी कार्रवाई है।इसके अतिरिक्त खासमहल एरिया से 1.970 टन एवं तारमी कोल डंप एरिया से 1.020 टन अवैध कोयला जब्त कर सीसीएल प्रबंधन को सुपुर्द किया गया।इस प्रावधान के लागू होने के बाद सीआईएसएफ अब अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे कोयले को सीधे जब्त कर स्वतंत्र रूप से कानूनी कार्रवाई प्रारंभ करने के लिए अधिकृत है। इससे अवैध खनन एवं कोयला तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी। सूत्रों के अनुसार, अवैध कोयला परिवहन एवं तस्करी के विरुद्ध इस प्रकार के विशेष अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।उक्त छापामारी अभियान का नेतृत्व उप कमांडेंट श्री गारा अभिलाष ने किया। अभियान में निरीक्षक एस.आर. सरोज, बी.डी. गुप्ता सहित अन्य सीआईएसएफ की रेड टीम शामिल थी।*