शासन से प्रशासन तक दशहरा मेले को लेकर मुस्तैद, दिन में एसडीएम तो रात में एसपी ने संभाली कमान

शासन से प्रशासन तक दशहरा मेले को लेकर मुस्तैद, दिन में एसडीएम तो रात में एसपी ने संभाली कमान

सलेमपुर में दुर्गा पूजा पंडालों से विसर्जन घाटों तक सुरक्षा की पड़ताल, अधिकारियों ने दिए जरूरी निर्देश

देवरिया में दशहरा मेले और दुर्गा प्रतिमा विसर्जन को सकुशल एवं शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए शासन से लेकर प्रशासन तक पूरी तरह मुस्तैद है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। इसी क्रम में दिन में एसडीएम सलेमपुर क्षितिज द्विवेदी ने पूजा पंडालों और विसर्जन घाटों का निरीक्षण किया, जबकि रात में पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने सलेमपुर और भाटपाररानी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था परखी।

एसडीएम क्षितिज द्विवेदी ने पुलिस अधिकारियों के साथ पंडालों और विसर्जन घाटों का स्थलीय निरीक्षण कर साफ-सफाई, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था और गोताखोरों की तैनाती सहित आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं, रात में एसपी अभिजित आर. शंकर ने सलेमपुर के दुर्गा पूजा पंडालों और रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए।

इसके अलावा एसपी ने भाटपाररानी क्षेत्र के पूजा पंडालों का निरीक्षण करने के बाद थाने के कार्यालयों, अभिलेखों और सीसीटीवी व्यवस्था की जांच की। उन्होंने महिला हेल्प डेस्क को अद्यतन रखने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी बरतने के निर्देश दिए।

दशहरा मेले और प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था रोकने के लिए प्रशासन सतर्क है। अधिकारियों ने आयोजकों से सुरक्षा मानकों का पालन करने और आमजन से शांति एवं सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की।
दिलीप भारती की रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!