बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट
सीसीएल सीएमडी से मिले श्रमिक नेता अजय सिंह, कथारा क्षेत्र की समस्याओं से कराया अवगत।
बोकारो :राष्ट्रीय कोलियरी मजदूर यूनियन कथारा क्षेत्र के अध्यक्ष एवं विधायक प्रतिनिधि अजय कुमार सिंह ने रविवार को रांची स्थित सीसीएल मुख्यालय में सीएमडी नीलेंदु कुमार सिंह से मुलाकात कर कथारा क्षेत्र के श्रमिकों एवं कर्मचारियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को उनके समक्ष रखा। मुलाकात के दौरान अजय सिंह ने बताया कि कथारा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था कॉलोनियों से लेकर परियोजना स्थलों तक नियमित रूप से नहीं हो पा रही है। इसके अलावा आवासों के रखरखाव का कार्य भी समुचित ढंग से नहीं किया जा रहा है। उन्होंने परियोजनाओं में उत्खनन कार्य में लगी मशीनों के पुराने होने, फोरमैन, ओवरमैन एवं माइनिंग सरदार जैसे तकनीकी पदों पर कर्मियों की कमी, संडे ड्यूटी के कारण उत्पादन कार्य पर पड़ रहे प्रभाव, जलापूर्ति के लिए आवश्यक मोटरों एवं बिजली ट्रांसफार्मरों की कमी समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों को सीएमडी के समक्ष उठाया। सीएमडी नीलेंदु कुमार सिंह ने कहा कि प्रबंधन का नैतिक दायित्व है कि श्रमिकों, कर्मचारियों एवं अधिकारियों को नियमों के तहत मिलने वाली सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इसके लिए पूर्व से ही सभी क्षेत्रों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि कथारा क्षेत्र से लगातार विभिन्न समस्याओं और परेशानियों की जानकारी मिल रही है, जिसे गंभीरता से लेते हुए विशेष कदम उठाए जाएंगे। सीएमडी ने यह भी कहा कि उत्पादन के दृष्टिकोण से भी कथारा क्षेत्र का प्रदर्शन अपेक्षित स्तर का नहीं है। यदि वर्तमान परिस्थितियों में अगले कुछ महीनों तक व्यापक सुधार नहीं हुआ तो प्रबंधन आवश्यक एवं कठोर कदम उठाने से भी पीछे नहीं हटेगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति में कोयला उद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका है और इसमें कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी एवं अधिकारी की भागीदारी अहम है। उन्होंने सभी से मिल-जुलकर उत्पादन बढ़ाने तथा क्षेत्र के विकास में सहयोग करने का आह्वान किया। मुलाकात के बाद अजय कुमार सिंह ने उम्मीद जताई कि सीएमडी के हस्तक्षेप से कथारा क्षेत्र की लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा और श्रमिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।