चित्रलेखा श्रीवास की रिपोर्ट
मो.7440269778
करतला पुलिस पर उठे सवाल! जानलेवा हमले का आरोपी ,अब भी फरार, क्या कानून का खौफ खत्म?
करतला//कोरबा जिले के विकासखंड करतला अंतर्गत ग्राम पंचायत बेहरचुवां (मोहल्ला दईहानभाठा) में हुई एक गंभीर आपराधिक घटना ने क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
पीड़ित डोरेलाल राठिया (पिता – फगवा राम राठिया) के अनुसार, 30 मार्च की रात करीब 10 बजे वह अपने गांव के ही राम सिंह राठिया के घर बिच्छू काटने की दवा देने गया था। जब वह वापस अपने घर लौट रहा था, तभी घर के दरवाजे पर विजय राठिया पहले से फरसी और डंडा लेकर खड़ा था।
आरोप है कि विजय राठिया ने डोरेलाल पर जान से मारने की नीयत से फरसी से हमला किया। पीड़ित ने किसी तरह बचाव किया, लेकिन इस दौरान आरोपी ने डंडे से उसके गले पर जोरदार वार कर दिया। घटना के दौरान आरोपी द्वारा लगातार गाली-गलौज और मारपीट की गई।
शोर सुनकर प्रहलाद सिदार, पीड़ित का परिवार और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और हस्तक्षेप कर पीड़ित की जान बचाई। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय पर लोग नहीं पहुंचते, तो घटना और भी गंभीर हो सकती थी।
पीड़ित ने बताया कि घटना के दूसरे दिन वह करतला थाना में एफआईआर दर्ज कराने गया, लेकिन आज तक उसकी शिकायत विधिवत दर्ज नहीं की गई है और न ही आरोपी के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई की गई है। इससे आरोपी के हौसले बुलंद हैं और वह खुलेआम गांव में घूम रहा है।
इतना ही नहीं, पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद भी विजय राठिया उसके घर में जबरदस्ती घुस आया, गाली-गलौज की और खुलेआम जान से मारने की धमकी दी। आरोपी ने कथित तौर पर कहा कि “जब तक तुम्हें जान से नहीं मारूंगा, तब तक चैन से नहीं बैठूंगा।”
ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पहले एक गंभीर आपराधिक बलत्कार मामले में जेल जा चुका है। इसके बावजूद पुलिस द्वारा सख्त कार्रवाई नहीं किए जाने से क्षेत्र में असुरक्षा का माहौल गहराता जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी नहीं की गई, तो स्थिति और बिगड़ सकती है। ग्रामीणों में पुलिस प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ती जा रही है और वे उच्च अधिकारियों से हस्तक्षेप की मांग कर रहे हैं।
पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से अपील की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए, आरोपी को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए और दोषी के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि क्षेत्र में कानून का भय और लोगों का भरोसा बना रह सके।