बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट
जारंगडीह परियोजना में डीजीएमएस विद्युत धनबाद के अश्वनी कुमार का निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश।
बोकारो जिला के कथारा स्थित जारंगडीह मे सोमवार को डीजीएमएस (विद्युत) धनबाद के अधिकारी अश्वनी कुमार का कथारा स्थित जारंगडीह कोलयरी आगमन हुआ। इस अवसर पर परियोजना पदाधिकारी पीके सेनगुप्ता ने उन्हें बुके देकर कार्यालय में औपचारिक रूप से स्वागत किया।स्वागत के उपरांत अश्वनी कुमार ने खुली खदान के विद्युत विभाग का निरीक्षण किया। हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी उन्होंने अपने निर्धारित रूटीन कार्य के तहत विभिन्न व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणालियों का बारीकी से अवलोकन किया।निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्युत से संबंधित सुरक्षा मानकों,उपकरणों की स्थिति तथा कार्यस्थल की व्यवस्था की समीक्षा की।
इसी क्रम में कुछ कमियों को चिन्हित करते हुए उन्होंने संबंधित कर्मियों को उन्हें शीघ्र दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रोजेक्ट इंजीनियर निखिल कुमार सहित अन्य कर्मचारियों को कार्यों में गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने की हिदायत दी। इस दौरान गारंडी खुली खदान के सेफ्टी अधिकारी संतोष कुमार, प्रोजेक्ट इंजीनियर निखिल कुमार, इलेक्ट्रिकल सुपरवाइजर शंकर शर्मा,वर्कमैन इंस्पेक्टर रंजू तथा इलेक्ट्रिकल विभाग के सूरज कुमार समेत कई अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के अंत में अश्वनी कुमार ने कहा कि विद्युत सुरक्षा को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कर्मियों को निर्धारित मानकों के अनुसार कार्य करना अनिवार्य है।