चित्रलेखा श्रीवास की रिपोर्ट
मो.7440269778
ब्रेकिंग न्यूज: बरपाली में मोबाइल शॉप में चोरी, CCTV में कैद हुए तीन चोर!
सुबह 4 बजे स्कूटी से पहुंचे तीन संदिग्ध, शटर का ताला तोड़कर करीब ₹10 हजार ले उड़े… बैंक के CCTV में चेहरा साफ कैद

उरगा/- ग्राम पंचायत बरपाली में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक के समीप स्थित प्रमोद कम्प्यूटर एवं मोबाइल शॉप में आज तड़के चोरी की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि करीब सुबह 4 बजे तीन लोग स्कूटी से दुकान के पास पहुंचे और शटर का ताला तोड़कर दुकान के अंदर घुस गए। इसके बाद दुकान में रखी करीब ₹10 हजार की नगदी चोरी कर आरोपी मौके से फरार हो गए।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि पूरी चोरी की घटना कोऑपरेटिव बैंक में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई है। CCTV फुटेज में तीनों संदिग्ध स्कूटी से आते और दुकान का ताला तोड़ते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि फुटेज में उनके चेहरे भी स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं, जिससे पुलिस के लिए आरोपियों तक पहुंचने में महत्वपूर्ण सुराग मिल सकता है।
कैमरों की निगरानी के बावजूद बेखौफ वारदात!
चोरी की घटना को लेकर सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर चोरों के हौसले इतने बुलंद कैसे हैं? घटनास्थल के आसपास जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, भारतीय स्टेट बैंक और अन्य दुकानों में CCTV कैमरे लगे होने के बावजूद चोर तड़के दुकान का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
अगर CCTV फुटेज में चोरों की पहचान योग्य तस्वीरें मौजूद हैं, तो अब पुलिस के सामने चुनौती है कि इन संदिग्धों की पहचान कर उन्हें कितनी जल्दी गिरफ्तार किया जाता है।
पुलिस के सामने अब CCTV फुटेज सबसे बड़ा सुराग
घटना के बाद दुकानदार द्वारा उरगा पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की गई है। अब पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ स्कूटी के जरिए भी आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा सकता है।
बरपाली जैसे क्षेत्र में लगातार बढ़ती चोरी की घटनाओं को लेकर व्यापारी और स्थानीय लोग भी चिंतित हैं। ऐसे में पुलिस की त्वरित कार्रवाई से ही लोगों में सुरक्षा का भरोसा कायम हो सकेगा।
अब सवाल सीधा है—CCTV में चेहरा साफ दिखने के बाद भी क्या ये चोर पुलिस की गिरफ्त से बच पाएंगे?