राजाखेड़ा-
धौलपुर मार्ग पर सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत, पुलिस ने मोर्चरी में रखवाया शव

धौलपुर जिले के राजाखेड़ा उपखंड के राजाखेड़ा-धौलपुर मार्ग पर दिहोली थाना क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार शाम एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक बाइक द्वारा धौलपुर से राजाखेड़ा की तरफ आ रहा था तभी मछरिया चौराहे से पहले उसकी बाइक दुर्घटना का शिकार हो गई। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और मामले की सूचना दिहोली थाना पुलिस को दी गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने अचेत अवस्था में युवक को जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां ड्यूटी चिकित्सक ने युवक का स्वास्थ्य परीक्षण कर उसे मृत घोषित कर दिया। दिहोली थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक युवक का नाम मोनू पुत्र मुन्नालाल निवासी नदोरा,राजाखेड़ा बताया जा रहा है जो शनिवार शाम बाइक द्वारा धौलपुर से राजाखेड़ा की तरफ लौट रहा था। फिलहाल पुलिस ने मृतक युवक के शव को जिला चिकित्सालय की मोर्चरी में रखवा दिया है जहां मृतक के परिजनों की मौजूदगी में आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाददाता मनोज राघव राजाखेड़ा