PHED झोटवाड़ा-13 : नल कनेक्शन में नियमों की अनदेखी, सहायक अभियंता पर मनमानी के आरोप ______

PHED झोटवाड़ा-13 : नल कनेक्शन में नियमों की अनदेखी, सहायक अभियंता पर मनमानी के आरोप
_______________
जयपुर।

 

 

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) झोटवाड़ा-13 क्षेत्र में नल कनेक्शन जारी करने को लेकर गंभीर अनियमितताओं का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों ने PHED के सहायक अभियंता सत्य प्रकाश पवार पर नियमों की अनदेखी कर मनमाने ढंग से कनेक्शन जारी करने के आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार गोविंद विहार एवं गोविंदपुरा (झोटवाड़ा) क्षेत्र में पानी की टंकी का कार्य अभी जारी है। टंकी का वॉश-आउट तक नहीं किया गया, इसके बावजूद नल कनेक्शन जारी कर दिए गए। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि भविष्य में टंकी के वॉश-आउट के दौरान कनेक्शन चोक होते हैं या जलापूर्ति बाधित होती है, तो इसकी जिम्मेदारी तय नहीं की जा रही है।
आरोप है कि 400 गज तक के भूखंडों में बिना रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम के ही कनेक्शन दे दिए गए, जबकि 300 गज से अधिक क्षेत्रफल पर हार्वेस्टिंग अनिवार्य है। इसके साथ ही कई कनेक्शनों में मीटर तक नहीं लगाए गए, जो विभागीय नियमों का खुला उल्लंघन है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार ठेकेदार के रजिस्टर में प्रविष्टि किए बिना ही कनेक्शन जारी किए जा रहे हैं। इससे भी अधिक गंभीर बात यह है कि प्राइवेट व्यक्तियों द्वारा कनेक्शन कार्य किया जा रहा है, जिससे ठेकेदार एवं विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत की आशंका जताई जा रही है।
क्षेत्रवासियों ने पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कर दोषी अधिकारियों व ठेकेदारों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आम जनता को भविष्य में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
— जयपुर ब्यूरो चीफ
राजीव सोनी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!