जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक:अवैध खनन पर सख्ती,50 वाहन जब्त

ब्यूरो रीपोर्ट पलामू

जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक:अवैध खनन पर सख्ती,50 वाहन जब्त

 

जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त समीरा एस की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई।बैठक में डीसी ने पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की।इस दौरान जिला खनन पदाधिकारी सुनील कुमार ने अवैध खनन व परिवहन के विरुद्ध की गई कार्रवाई का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया।उन्होंने बताया कि जनवरी व फरवरी माह में खनन विभाग द्वारा अवैध खनन व परिवहन में संलिप्त 50 वाहनों को जब्त किया गया तथा 34 लाख 8 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया है साथ ही एक प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।जिले में 198 ईंट भट्ठों की जांच की गयी,जिसमें सभी को नोटिस जारी किया गया तथा 42 ईंट भट्ठों से 67.20 लाख रुपये दंड राशि की वसूली की गयी।जिला परिवहन विभाग द्वारा 101 वाहनों को जब्त कर 15 लाख 16 हजार रुपये जुर्माना वसूला गया,जबकि वन विभाग की ओर से पांच वाद दर्ज किए गये।वहीं विभिन्न अंचलों द्वारा की गई कार्रवाई में 54 वाहन जब्त किए गए,जिसमें सर्वाधिक छत्तरपुर अंचल से सात वाहन जब्त हुए हैं।बैठक में डीसी ने अवैध खनन एवं परिवहन के विरुद्ध सघन छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया।उन्होंने कहा कि खनन से जुड़ी सभी गतिविधियां निर्धारित नियमों के अनुरूप संचालित हों, अन्यथा कड़ी कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने पुलिस,परिवहन व खनन विभाग को संयुक्त रूप से अभियान चलाने,चेकपोस्टों पर सघन जांच करने तथा खनन स्थलों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।उपायुक्त ने कहा कि अवैध खनन की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए और वन विभाग,पुलिस व अंचल प्रशासन आपसी समन्वय के साथ निगरानी करें।बैठक में पुलिस अधीक्षक रीष्मा रमेशन,वन प्रमंडल पदाधिकारी सत्यम कुमार सदर एसडीओ सहित विभिन्न अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी,अंचलाधिकारी, थाना प्रभारी व अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!