जयपुर 14 मार्च 2026
राजस्थान में SOG की बड़ी कार्रवाई
फर्जी सर्टिफिकेट लगाकर सरकारी शिक्षिका बनी 2 महिलाओं को किया गिरफ्तार
जयपुर… उत्कृष्ट खिलाड़ी कोटे से तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती में फर्जी खेल प्रमाण पत्र और फर्जी सत्यापन रिपोर्ट के आधार पर नौकरी पाने के मामले में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने बड़ी कार्रवाई की। जांच के दौरान चूरू जिले से दो महिला आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एसओजी की टीम ने राजस्थान के विभिन्न स्थानों पर एक साथ रेड डाली। इसी कार्रवाई के तहत चूरू जिले में भी छापेमारी की, जहां फर्जी दस्तावेजों के आधार पर नौकरी पाने के मामले में दो महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया।
दोनों महिलाओं ने लगाए थे खेल के फर्जी सर्टिफिकेट:
एसओजी के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में चूरू की एकता थालोर पुत्री दिलीप सिंह और बीदासर निवासी बबीता जाखड़ पुत्री हरकराम शामिल हैं। बताया गया कि बबीता जाखड़ का ससुराल सुजानगढ़ में है। जांच में सामने आया है कि दोनों महिलाओं ने खेल के फर्जी प्रमाण पत्र और फर्जी सत्यापन रिपोर्ट के जरिए तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती में उत्कृष्ट खिलाड़ी कोटे से नौकरी हासिल की थी। जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि फर्जी खेल प्रमाण पत्रों का यह नेटवर्क बीदासर, सुजानगढ़ और चूरू तक फैला हुआ है। एसओजी की टीम अब इस पूरे गिरोह और इसमें शामिल अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है। संभावना जताई जा रही है कि इस मामले में आगे और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं…!!
जयपुर से हेमंत दुबे