पंचायत चुनावों को लेकर धौलपुर पुलिस अलर्ट, गांवों में निकाला पैदल फ्लैग मार्च

 धौलपुर

पंचायत चुनावों को लेकर धौलपुर पुलिस अलर्ट, गांवों में निकाला पैदल फ्लैग मार्च

ग्राम पंचायत दूबरा, बसई सामंता, खेडा, सरानी, विश्नोदा एवं भैसेना में पुलिस फोर्स ने किया पैदल मार्च, मतदाताओं को भयमुक्त होकर मतदान करने का दिया संदेश

शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस की आमजन से अपील

 

आगामी पंचायत राज चुनावों को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं भयमुक्त वातावरण में सम्पन्न कराने तथा आमजन में सुरक्षा का विश्वास कायम करने के उद्देश्य से धौलपुर पुलिस द्वारा जिलेभर में लगातार सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में आज पुलिस अधीक्षक श्री विकास सांगवान के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री वैभव शर्मा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एडीएफ बाड़ी श्री श्रवण कुमार झोरड़ के सुपरविजन में पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में पैदल फ्लैग मार्च निकालकर मतदाताओं को निर्भीक होकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संदेश दिया गया। इस दौरान वृताधिकारी वृत्त धौलपुर श्री प्रदीप नेहरा के नेतृत्व में ग्राम पंचायत दूबरा, बसई सामंता, खेड़ा, सरानी, विश्ननौदा एवं भैसेना में पुलिस फोर्स द्वारा पैदल फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च में थानाधिकारी कोतवाली श्री रामकिशन यादव एवं थानाधिकारी थाना सदर धौलपुर श्री अमित कुमार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी एवं जवान शामिल रहे। पुलिस टीमों ने गांवों के प्रमुख मार्गों, आबादी क्षेत्रों एवं संवेदनशील स्थानों पर पैदल मार्च कर आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। इस दौरान ग्रामीणों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि पंचायत चुनावों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। प्रत्येक मतदाता बिना किसी भय, दबाव अथवा प्रलोभन के स्वतंत्र रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकता है।पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाह, दबाव, धमकी अथवा असामाजिक तत्वों के बहकावे में न आएं तथा लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं। यदि कोई व्यक्ति चुनाव के दौरान मतदाताओं को डराने-धमकाने, प्रलोभन देने, शांति व्यवस्था भंग करने अथवा चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास करता है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस अधीक्षक श्री विकास सांगवान ने बताया है कि पुलिस द्वारा पंचायत चुनावों को दृष्टिगत रखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर गश्त, फ्लैग मार्च, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग तथा संवेदनशील मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि को रोकना तथा आमजन के लिए सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करना है। पुलिस द्वारा आमजन को आश्वस्त किया जा रहा है कि पंचायत चुनावों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस जाप्ता तैनात रहेगा तथा चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!