दीपावली पर खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती, धौलपुर में पनीर सहित खाद्य पदार्थों के नमूने लिए; 250 किलो पनीर नष्ट करवाया

दीपावली पर खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती, धौलपुर में पनीर सहित खाद्य पदार्थों के नमूने लिए; 250 किलो पनीर नष्ट करवाया

धौलपुर,। दीपावली के त्योहार के मद्देनजर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जिलेभर में विशेष अभियान चलाकर लगातार निरीक्षण एवं नमूनीकरण की कार्रवाई की जा रही है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण श्री अविचल चतुर्वेदी तथा जिला कलक्टर श्रीनिधि बी.टी. के निर्देशानुसार विभागीय टीम द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई की गई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. धर्म सिंह मीणा ने बताया कि अभियान के तहत राजाखेड़ा क्षेत्र में विभिन्न डेयरी प्रतिष्ठानों से मिश्रित दूध के तीन नमूने तथा श्री कृष्णा मिठाई विक्रेता से बेसन के लड्डू का एक नमूना लिया गया। इसके बाद धौलपुर शहर के गिरि मोहल्ला, पुराना शहर स्थित कृष्णा डेयरी पर सूचना के आधार पर पुलिस बल के सहयोग से छापेमार कार्रवाई की गई। मौके पर लगभग 250 किलोग्राम पनीर एवं वनस्पति घी पाया गया। खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत पनीर एवं वनस्पति के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। कार्रवाई के दौरान लगभग 250 किलोग्राम पनीर को पुलिस बल की मौजूदगी में डंपिंग यार्ड में ले जाकर नष्ट करवाया गया।बइसके पश्चात औंडेला रोड स्थित गुंजन ऑयल मिल से तेल के नमूने लिए गए। वहीं औंडेला रोड स्थित मुन्नालाल ऑयल मिल से भी सरसों के तेल के नमूने लेने की कार्रवाई की गई।

सीएमएचओ डॉ मीणा ने बताया कि दीपावली के मद्देनजर दूध, मावा, पनीर, मिठाइयों, खाद्य तेल एवं अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। विभागीय टीम द्वारा संदिग्ध खाद्य पदार्थों की जांच के लिए नमूनीकरण किया जा रहा है तथा प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं के आधार पर प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया जा रहा है। उन्होंने खाद्य कारोबारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य पदार्थों का विक्रय करने तथा आमजन को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए। साथ ही आमजन से अपील की कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर किसी भी प्रकार का संदेह होने पर विभाग को सूचना दें।

खाद्य सुरक्षा अधिकारी पदम सिंह परमार ने बताया कि अभियान के तहत लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कि दीपावली के त्योहार तक जिलेभर में निरीक्षण, नमूनीकरण एवं मिलावट के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। कार्यवाही के दौरान खाद्य सुरक्षा दल में खाद्य सुरक्षा अधिकारी रविंद्र मीणा, वीरेंद्र परिहार, दीक्षा शामिल रहे। ब्यूरो चीफ मनोज राघव राजाखेड़ा धौलपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!