जनता के हितों के लिए संघर्ष जारी रखेगी बीजद
झारसुगुड़ा में जनसंपर्क पदयात्रा, राज्य सरकार की नीतियों पर बरसीं वर्षा और दीपाली दास

झारसुगुड़ा, 30 अक्टूबर। आम जनता की समस्याओं, अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने तथा राज्य सरकार की कथित विफलताओं को जनता के सामने उजागर करने का आह्वान बीजू जनता दल (बीजद) ने किया है। इसी उद्देश्य से झारसुगुड़ा शहर में पार्टी की ओर से जनसंपर्क पदयात्रा आयोजित की गई। पूर्व विधायक एवं बीजद की प्रदेश महासचिव दीपाली दास के नेतृत्व में आयोजित इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और आम लोग शामिल हुए।
पदयात्रा झंडा चौक से शुरू होकर भुवनिया मैदान तक पहुंची। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने शहर के विभिन्न इलाकों का भ्रमण कर आम लोगों से संपर्क स्थापित किया। पदयात्रा के समापन के बाद भुवनिया मैदान में एक जनसभा आयोजित की गई। सभा का संचालन संदीप अवस्थी ने किया।
सभा की शुरुआत में बीजद के संस्थापक एवं प्रख्यात नेता बीजू पटनायक, पूर्व मंत्री नव किशोर दास तथा पूर्व विधानसभा अध्यक्ष किशोर महंती के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद पार्टी नेताओं ने राज्य की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, कानून-व्यवस्था और आम जनता की समस्याओं पर अपने विचार रखते हुए राज्य सरकार की नीतियों एवं कार्यप्रणाली की आलोचना की।
सभा को संबोधित करते हुए पदमपुर की विधायक वर्षा सिंह बरिहा ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में कानून-व्यवस्था की स्थिति बिगड़ती जा रही है। आम जनता की समस्याओं के समाधान और वास्तविक विकास के मामले में सरकार अपेक्षित सफलता हासिल नहीं कर पाई है। सरकार बुनियादी समस्याओं के समाधान के बजाय प्रचार-प्रसार को अधिक महत्व दे रही है।
उन्होंने कहा कि बीजद हमेशा से आम जनता के हितों को प्राथमिकता देती आई है और आगे भी लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से राज्य सरकार की नीतियों और विभिन्न क्षेत्रों में उसकी कथित विफलताओं को जनता के सामने लाने के लिए जमीनी स्तर पर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
वहीं, पूर्व विधायक दीपाली दास ने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार के कामकाज को लेकर आम लोगों में असंतोष है। बीजद हमेशा जनता के साथ खड़ी रही है और आने वाले दिनों में भी लोगों के अधिकारों एवं हितों की रक्षा के लिए संघर्ष करती रहेगी।
उन्होंने कहा कि घर-घर जाकर लोगों की समस्याओं को समझना तथा सरकार की कार्यप्रणाली और उसकी विफलताओं से जनता को अवगत कराना पार्टी का प्रमुख उद्देश्य है। आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम परिवारों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। वहीं किसान, महिलाएं और मजदूर भी उपेक्षा का शिकार हो रहे हैं। ऐसी स्थिति में जनता की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए उनके अधिकारों के लिए पार्टी सड़क पर संघर्ष जारी रखेगी।
इस जनसंपर्क पदयात्रा एवं जनसभा में जिला परिषद अध्यक्ष तुलावती मिंज, बीजद प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य तापस रायचौधरी, जिला अध्यक्ष हरीश गणत्रा, जिला परिषद सदस्य दिगंबर भोई, झारसुगुड़ा नगरपालिका अध्यक्ष चित्राणी पटेल, उपाध्यक्ष रानी हाथी, जिला सचिव पिंटू पाढ़ी, युवा बीजद अध्यक्ष रुबिन पांडे, रवि सिंह, पवन शर्मा, आलोक त्रिपाठी तथा छात्र बीजद अध्यक्ष शिवाशीष पटनायक सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता, युवा एवं महिला कार्यकर्ता उपस्थित थे।
पार्टी नेताओं ने जनसंपर्क पदयात्रा के माध्यम से आम लोगों तक पहुंचकर उनकी समस्याओं और कठिनाइयों को समझने तथा जनहित से जुड़े मुद्दों पर आगामी दिनों में आंदोलन को और तेज करने पर जोर दिया।