ब्यूरो रिपोर्ट पलामू
पलामू के पूर्व सांसद एवं भाजपा नेता मनोज कुमार रविवार को पाटन प्रखंड के बैदा गांव पहुंचे। यहां उन्होंने डॉ. कृष्णा मुरारी तिवारी के साथ

ग्रामीणों से मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं और विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। ग्रामीणों ने उनके समक्ष अपनी समस्याएं रखीं, जिस पर उन्होंने संबंधित मामलों को उचित मंच पर उठाने और समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया। इस दौरान पूर्व सांसद मनोज कुमार ने दिवंगत राशन डीलर सच्चिदानंद तिवारी के परिजनों से मुलाकात की। सच्चिदानंद तिवारी का पिछले दिनों निधन हो गया था। उन्होंने शोकाकुल परिवार से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त की और इस दुख की घड़ी में परिजनों को ढांढस बंधाया। इसके अलावा पाटन प्रखंड प्रमुख शोभा देवी के ससुर एवं शक्ति प्रसाद के पिता के निधन की सूचना पर भी वे उनके परिजनों से मिले। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट की। ग्रामीणों से बातचीत के दौरान मनोज कुमार ने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को जानने और उनके समाधान की दिशा में पहल करने के लिए जनता के बीच पहुंचना जरूरी है। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को संबंधित स्तर पर उठाया जाएगा। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से आगामी 4 नवंबर को आयोजित होने वाले भाजपा के कार्यक्रम में शामिल होने की अपील भी की। मौके पर डॉ. कृष्णा मुरारी तिवारी सहित गांव के कई गणमान्य लोग एवं ग्रामीण उपस्थित थे।