परीक्षा की पवित्रता से किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं :उपायुक्त

ब्यूरो रिपोर्ट पलामू

परीक्षा की पवित्रता से किसी भी स्तर पर समझौता बर्दाश्त नहीं :उपायुक्त

जेटेट परीक्षा को लेकर प्रशासन रहा अलर्ट, डीसी-एसपी ने नियंत्रण कक्ष व विभिन्न केंद्रों का किया औचक निरीक्षण

झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) के निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी संचालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। रविवार को उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत एवं पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी ने जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों के साथ जिला नियंत्रण कक्ष का औचक निरीक्षण कर परीक्षा संचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।इस दौरान अधिकारियों ने योध सिंह नामधारी महाविद्यालय, राजकीय प्लस टू उच्च विद्यालय (जिला स्कूल) सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। साथ ही द्वितीय पाली की परीक्षा को लेकर स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया।
जिला नियंत्रण कक्ष के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने मॉनिटरिंग सिस्टम, सूचना संप्रेषण व्यवस्था तथा प्रतिनियुक्त कर्मियों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि परीक्षा से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना, शिकायत अथवा समस्या मिलने पर तत्काल संज्ञान लेते हुए वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराएं, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके।परीक्षा केंद्रों पर निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने केंद्राधीक्षकों एवं प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा की निष्पक्षता एवं पवित्रता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होना चाहिए। सभी केंद्रों पर अनुशासन, सुरक्षा एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने के साथ परीक्षार्थियों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को कहा।उपायुक्त श्री शेखावत ने परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का निर्देश दिया।मौके पर अपर समाहर्ता कुंदन कुमार, सदर अनुमंडलपदाधिकारी संजय पांडेय एवं जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ. असीम सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!