बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्नवाल की रिपोर्ट
एमएमडीआर एक्ट के तहत CISF का बड़ा एक्शन – अवैध कोयला लदा ट्रक जब्त

बोकारो से बड़ी खबर अवैध कोयला तस्करों पर CISF का बड़ा प्रहार। एमएमडीआर एक्ट के तहत CISF ने अवैध कोयला लदा ट्रक जब्त किया है।बोकारो जिला के बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र में कोयला माफियाओं के खिलाफ CISF ने बड़ी कार्रवाई की है। 1/2 नवंबर की रात्रि 1:30 बजे कमांडेंट राज प्रताप सिंह के निर्देश पर कथारा एरिया में जाल बिछाया गया और अम्बूश लगाकर कोयला लदा ट्रक पकड़ा गया।दरअसल अवैध कोयला कारोबार और तस्करी के खिलाफ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल ने सख्त कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। CCL कथारा एरिया में गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी के दौरान अवैध कोयला लदे एक ट्रक को जब्त किया गया। इस कार्रवाई से अवैध कोयला परिवहन में संलिप्त तत्वों में हड़कंप मच गया है।CISF यूनिट CCL करगली के कमांडेंट श्री राज प्रताप सिंह के दिशा-निर्देश पर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा अवैध कोयला परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए लगातार एरिया डोमिनेशन, गश्ती एवं छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।इसी अभियान के तहत कथारा एरिया से प्राप्त खुफिया सूचना पर कमांडेंट श्री राज प्रताप सिंह के निर्देशानुसार सहायक कमांडेंट श्री धनंजय पांडे के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम को तत्काल कथारा एरिया में भेजा गया, जहां कार्मेल स्कूल से लगभग 500 मीटर की दूरी पर रणनीतिक तरीके से अम्बूश लगाया गया।इस दौरान अवैध कोयला लोड किए जा रहे ट्रक संख्या NL-01-AC-4676 को पकड़ते हुए उसमें लदे कोयले को जब्त कर लिया गया। मामले में खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम, 1957 यानी एमएमडीआर एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।उल्लेखनीय है कि भारत सरकार द्वारा एमएमडीआर एक्ट के अंतर्गत CISF को प्रदत्त नवीन अधिकारों के तहत अब बल अवैध रूप से परिवहन किए जा रहे कोयले को जब्त करने और स्वतंत्र रूप से कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने के लिए अधिकृत है। इस प्रावधान से अवैध खनन एवं कोयला तस्करी पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के प्रयासों को नई मजबूती मिली है।CISF की इस कार्रवाई ने स्पष्ट संकेत दिया है कि क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार और तस्करी के खिलाफ सुरक्षा बल पूरी तरह सतर्क है। सूत्रों के अनुसार, अवैध कोयला परिवहन एवं तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए भविष्य में भी विशेष निगरानी, एरिया डोमिनेशन, गश्ती एवं छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेंगे।