बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्नवाल की रिपोर्ट
डीएवी कथारा के प्राचार्य ने महाप्रबंधक राजीव सिंह से की शिष्टाचार भेंट।
बोकारो जिला के डीएवी पब्लिक स्कूल सीसीएल कथारा के प्राचार्य सह झारखंड जोन-आई के सहायक क्षेत्रीय पदाधिकारी डॉ. जीएन खान ने बुधवार को कथारा क्षेत्र के नवपदस्थापित महाप्रबंधक राजीव सिंह से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने महाप्रबंधक को पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया। मौके पर विद्यालय के शिक्षक राकेश रंजन भी उपस्थित थे। मुलाकात के दौरान प्रचार्य ने महाप्रबंधक को विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, उपलब्धियों एवं व्यवस्थाओं से अवगत कराया। साथ ही विद्यालय के शैक्षणिक विकास और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार पर चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक एवं तकनीक आधारित शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विद्यालय में स्मार्ट बोर्ड की आवश्यकता बताई तथा इसके लिए सीसीएल प्रबंधन से सहयोग का आग्रह किया।
प्राचार्य ने कहा कि वर्तमान शैक्षणिक परिवेश में स्मार्ट बोर्ड जैसी तकनीकी सुविधाएं पढ़ाई को अधिक सरल, रोचक और प्रभावी बनाने में सहायक हैं। इससे विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षण पद्धति से जोड़ने में मदद मिलेगी।
वहीं, महाप्रबंधक राजीव सिंह ने विद्यालय के विकास के प्रति सकारात्मक रुख दिखाते हुए आवश्यक सुविधाओं के विस्तार में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। कहा कि विद्यार्थियों के हित और विद्यालय की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सीसीएल प्रबंधन की ओर से यथासंभव सहयोग किया जाएगा। प्राचार्य ने महाप्रबंधक के सकारात्मक आश्वासन के प्रति आभार जताया। यह मुलाकात विद्यालय और सीसीएल प्रबंधन के बीच बेहतर समन्वय एवं सहयोग की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रही।