बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्नवालकि रिपोर्ट
उपायुक्त के निर्देश पर बोकारो में अवैध बालू के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, बालीडीह में 2 ट्रैक्टर जब्त

बोकारो जिले में अवैध खनन और अवैध बालू के परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। उपायुक्त बोकारो के निर्देश पर गुरुवार की रात बालीडीह थाना क्षेत्र में चलाए गए छापामारी अभियान में अवैध रूप से बालू का प्रेषण करते हुए 2 ट्रैक्टरों को पकड़ा गया। दोनों ट्रैक्टरों को विधिवत जब्त कर बालीडीह थाना को सुपुर्द कर दिया गया है। 12/11/2026 गुरुवार रात्रि लगभग 8 बजे बोकारो जिला के बालीडीह थाना अंतर्गत छापामारी अभियान चलाया गया। यह अभियान उपायुक्त बोकारो के निर्देशानुसार अवैध बालू खनन, भंडारण और परिवहन पर रोक लगाने के लिए चलाया गया था।जानकारी के अनुसार बालीडीह विस्थापित कॉलेज के समीप मुख्य पथ पर खनन विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर घेराबंदी की। इसी दौरान मुख्य पथ से होकर अवैध रूप से बालू खनिज का प्रेषण करते हुए 02 ट्रैक्टरों को पकड़ा गया। मौके पर ट्रैक्टर चालकों से बालू परिवहन से संबंधित कोई भी वैध कागजात, चालान या परमिट नहीं दिखाया जा सका।इसके बाद टीम ने दोनों ट्रैक्टरों को विधिवत जब्त कर लिया और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बालीडीह थाना को सुपुर्द कर दिया। पुलिस अब जब्त ट्रैक्टरों के मालिकों और चालकों के खिलाफ खनन अधिनियम के तहत मामला दर्ज करने की तैयारी में है।उक्त अभियान में खान निरीक्षक श्री अजय कुमार महतो, खान निरीक्षक श्री सीताराम टुडू एवं पुलिस बल मौजूद थे। खान निरीक्षकों ने मौके पर ही बालू की जांच की और जब्ती की प्रक्रिया पूरी की।बताया जा रहा है कि बालीडीह और आसपास के क्षेत्रों में रात के अंधेरे में अवैध बालू का कारोबार बड़े पैमाने पर चल रहा था। दामोदर नदी और आसपास के घाटों से अवैध रूप से बालू उठाकर ट्रैक्टरों के माध्यम से विभिन्न निर्माण स्थलों पर पहुंचाया जा रहा था। जिला प्रशासन को लगातार इस संबंध में शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद उपायुक्त बोकारो ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।इस कार्रवाई के बाद अवैध बालू कारोबार में लगे लोगों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि जिले में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस तरह के छापामारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।खान विभाग के अधिकारियों ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध खनन या अवैध बालू परिवहन की जानकारी मिले तो तुरंत जिला प्रशासन या नजदीकी थाना को सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके