बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्नवाल की रिपोर्ट
अवैध कोयला कारोबार पर CISF की बड़ी कार्रवाई, 42.710 टन अवैध कच्चा कोयला बरामद – कोयला चोरों में मचा हड़कंप
एंकर:बोकारो जिले में अवैध कोयला कारोबार पर CISF ने बड़ी कार्रवाई की है। नावाडीह प्रखंड के पिलपिलो गांव के पास से 42.710 टन अवैध कच्चा कोयला बरामद किया गया है।बोकारो जिला के नावाडीह प्रखंड में कोयले के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए CISF की टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। बोकारो जिले के नावाडीह अंतर्गत पिलपिलो गांव के निकट बरकाडीह बस्ती से सटे इलाके में देर रात्रि छापेमारी कर 42.710 टन अवैध कच्चा कोयला बरामद किया गया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मच गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार,CISF CCL करगली के कमांडेंट को गुप्त सूत्रों के माध्यम से सूचना मिली थी कि गोमिया प्रखंड के पिलपिलो गांव के निकट बरकाडीह बस्ती से सटे क्षेत्र में कोयला चोरों द्वारा अवैध रूप से भारी मात्रा में कोयला एकत्रित कर रखा गया है।सूचना मिलते ही कमांडेंट ने तत्काल संबंधित महाप्रबंधक श्री राजीव कुमार सिंह को इसकी जानकारी दी तथा छापेमारी के लिए आवश्यक वाहन एवं जेसीबी की व्यवस्था सुनिश्चित कराई।इसके बाद कमांडेंट के निर्देश पर CISF की टीम ने सहायक कमांडेंट वर्पे सार्थक बाबाजी के नेतृत्व में चिह्नित स्थान पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान मौके से कुल 42.710 टन अवैध कच्चा कोयला बरामद कर जब्त किया गया। बाद में जब्त कोयले को आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए CCL प्रबंधन को सुपुर्द कर दिया गया।CISF की इस कार्रवाई को कोयले के अवैध खनन एवं कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। साथ ही इस कार्रवाई ने स्पष्ट संदेश दिया है कि कोयला संपदा की अवैध चोरी और भंडारण के विरुद्ध सुरक्षा एजेंसियां लगातार सतर्क हैं।