Big breaking news
जिला ब्यूरो चीफ साहिल की विशेष रिपोर्ट
मोबाइल नंबर 7999509427
जिला जनसंपर्क कार्यालय छिन्दवाड़ा, म.प्र. समाचार
हर घर तिरंगा अभियान के नोडल अधिकारियों की समीक्षा बैठक संपन्न

छिन्दवाड़ा/12 अगस्त 2022/ कलेक्टर श्री सौरभ कुमार सुमन की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में हर घर तिरंगा अभियान के नोडल अधिकारियों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में झंडों के वितरण, उपलब्धता, भौतिक सत्यापन आदि की प्रगति की जानकारी प्राप्त की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। बैठक में एस.डी.एम.श्री अतुल सिंह और संयुक्त कलेक्टर श्री अजीत तिर्की सहित हर घर तिरंगा अभियान के नोडल अधिकारी कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में उपस्थित थे, जबकि अन्य सभी एसडीएम एवं खंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बैठक में शामिल हुये।
बैठक में कलेक्टर श्री सुमन ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान देश का एक महत्वपूर्ण और संवेदनशील अभियान हैं जिसे सफलतापूर्वक संपन्न कराना आवश्यक है, इसलिये जिन अधिकारियों को अवकाश स्वीकृत किये गये हैं, उनके अवकाश निरस्त कर दिये गये हैं। उन्होंने निर्देश दिये है कि जो अधिकारी अवकाश स्वीकृत कराकर गये हैं, वे तत्काल कार्य पर वापस लौटें और हर घर तिरंगा अभियान में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिये कि इस अभियान के अंतर्गत कलस्टर लेबल पर जिन अधिकारियों की नोडल अधिकारी के रूप में ड्यूटी लगाई गई है, उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करें तथा आवश्यकता पड़ने पर अन्य अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर अभियान का सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। साथ ही अभियान के दौरान अनुपस्थित रहने वाले अधिकारियों के विरूध्द अनुशासनात्मक कार्यवाही प्रस्तावित करें । उन्होंने नियुक्त नोडल अधिकारियों को निर्देश दिये कि आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत 13 से 15 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान के लिये झंडों का वितरण कराया जाना और भौतिक सत्यापन किया जाना सुनिश्चित करें। झंडा वितरण के दौरान राज्य शासन से प्राप्त भारतीय झंडा संहिता की पुस्तिका का प्रत्येक ग्राम पंचायत में वितरण करायें और झंडा वितरण के दौरान भारतीय झंडा संहिता का वाचन भी जरूर करायें। उन्होंने निर्देश दिये कि 13 से 15 अगस्त के दौरान निर्धारित लक्ष्य के अनुसार सभी घरों में सम्मान के साथ झंडा लगाना सुनिश्चित करें और झंडा लगाते समय भारत सरकार की वेबसाईट पर अपने स्थान/घर से तिरंगा पिन करें एवं राष्ट्र ध्वज तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की वेबसाईट www.harghartiranga.com पर इसे अपलोड करें। अभियान के बाद 16 अगस्त को झंडे उतरवाकर सुरक्षित ढंग से इसे रखवायें और यह सुनिश्चित करें कि झंडे का अनादर नहीं हो। अभियान के दौरान सभी शासकीय कार्यालयों, संस्थानों, विद्यालयों, महाविद्यालयों और अन्य प्रतिष्ठानों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा शासकीय प्रोटोकाल के अनुसार लगाया/फहराया जायें। सभी शासकीय अधिकारी और कर्मचारी भी राष्ट्रीय ध्वज क्रय करके अभियान के दौरान अपने घरों में 13 से 15 अगस्त तक राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा सम्मान के साथ लगायें।
कलेक्टर श्री सुमन ने निर्देश दिये कि सभी एसडीएम, तहसीलदार और अन्य जिला स्तरीय अधिकारी शासकीय वाहनों से एवं शासकीय वाहन की उपलब्धता नहीं होने पर अपने वाहन से 13 से 15 अगस्त तक सुबह से ही लगातार पेट्रोलिंग कर झंडे लगाये जाने के कार्य की निगरानी करें और यह सुनिश्चित करें कि सुबह से शाम तक हर घर में तिरंगा लग जाये। सभी कलस्टरों के नोडल अधिकारी भी सुनिश्चित करें कि कोई घर तिरंगा लगाने से छूट न जाये। जहां तिरंगों की आवश्यकता हो तो कंट्रोल रूम से संपर्क कर व्यवस्था बनायें और सभी घरों में तिरंगे लगवायें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विकासखंड में महापुरूषों की प्रतिमाओं, दुर्गम स्थल, किला, स्मारक, चौराहे, पहाड़ी, वनग्राम आदि क्षेत्रों को चिन्हित करें और ऐसे स्थलों में विशेष रूप से तिरंगे लगवाने की व्यवस्था करें और इसका व्यापक प्रचार-प्रसार भी करें। सघन आबादी वाले क्षेत्रों में तिरंगा लगाने पर ड्रोन आदि से इसका कव्हरेज करें तथा सोशल मीडिया पर भी इस अभियान से संबंधित तिरंगा लगाने के अच्छे फोटो और वीडियो अपलोड कर व्यापक प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने कहा कि जिले में भुजलिया आदि का पर्व मनाया जा रहा है, ऐसे पर्व के चल समारोहों को हर घर तिरंगा अभियान से जोड़कर तिरंगा रैली निकालें और जन जागरूकता का कार्य भी करें। हर घर तिरंगा अभियान की जागरूकता के लिये इस अभियान से समाज के प्रत्येक वर्ग, समाजसेवी, धर्मगुरू, जनप्रतिनिधि, एन.सी.सी.कैडेट्स, एन.एस.एस.के स्वयंसेवक, स्काउट गाईड्स, छात्र-छात्रायें आदि को जोड़ें और जागरूकता रैली एवं अन्य गतिविधियों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करें। क्रमांक/103/2253/22