चंबल नहर और आवदा नहर में पानी छोड़ने की मांग को लेकर कलेक्टर से मिले भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजराज सिंह चौहान

जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट एवं जल संसाधन विभाग के चीफ इंजीनियर से भी फोन पर की चर्चा
श्योपुर। श्योपुर जिले में अधिकांश क्षेत्र में की गई धान की फसलें पर्याप्त बिजली न मिलने के कारण धीरे धीरे सूख रही है। इस समय धान की फसल को पानी की सख्त जरूरत है लेकिन विद्युत विभाग पर्याप्त मात्रा में किसानों को सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध नही करवा पा रहा है जिसके कारण किसानों के सामने सिंचाई का संकट आरहा है। इस संकट को दूर करने के लिए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजराज सिंह चौहान ने किसानों के साथ कलेक्टर श्योपुर से मुलाकात की और जलसंसाधन विभाग के चीफ इंजीनियर से फोन पर बात की। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजराज सिंह चौहान ने कलेक्टर से चर्चा करते हुए कहा कि कोटा बैराज से पानी चंबल नदी में छोड़ा जा रहा है इस पानी को यदि चंबल नहर में छोड़ा जाएगा तो श्योपुर के बहुत बड़े इलाके के किसानों को पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध हो सकेगा तथा विद्युत विभाग का भी लोड समाप्त हो जाएगा। इसी प्रकार आवदा डेम भी लबालब भरकर ओवरफ्लो हो रहा है जिसका पानी सीप नदी में व्यर्थ बह रहा है। इस पानी को भी आवदा नहर में छोड़ने से आवदा कमांड क्षेत्र के हजारों किसानों को धान की फसलों के लिए पानी उपलब्ध होगा।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रजराज सिंह चौहान ने वरिष्ठ नेतृत्व तक भी किसानों की इस मांग को पहुंचा दिया है।
कलेक्टर महोदय ने आवदा नहर में जल्द पानी छोड़ने का भरोसा दिया है एवम चंबल नहर में पानी छोड़ने के लिए मुख्य सचिव को जिला प्रशासन द्वारा मांग पत्र भेजने की बात कही है ।