रेलवे ट्रैकमैन से छीना 50 हजार की नकदी से भरा बैग, बाइक सवार बदमाश ने दिया वारदात को अंजाम…

रेलवे ट्रैकमैन से छीना 50 हजार की नकदी से भरा बैग, बाइक सवार बदमाश ने दिया वारदात को अंजाम, बैंक से नकदी निकाल लौट रहा था ट्रैकमैन

 

बयाना। कस्बे के बागड़ फील्ड रोड पर बाइक सवार बदमाश रेलवे ट्रैकमैन के 50 हजार की नकदी से भरे बैग को छीनकर फरार हो गया। पीड़ित ट्रैकमैन बैंक से नकदी निकाल कर लौट रहा था और बैग उसकी साइकिल के हैंडल पर टंगा हुआ था। घटना को लेकर पीड़ित ने अज्ञात बाइक सवार बदमाश के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दी है। पीड़ित कस्बे के भीतरबाड़ी निवासी सुभाषचंद पंजाबी ने बताया कि वह एसबीआई बैंक शाखा में अपने खाते से बैंक से 50 हजार रुपए निकालकर घर वापस आ रहा था। तो रास्ते मे बागड़ फील्ड के पास उसकी साइकिल की चैन में कपडा फंस गया। साइकिल से उतरकर चैन में फंसे कपड़े को निकालने लगा। तभी बाइक पर लाल शर्ट पहने एक युवक आया और उसे धक्का देकर उसकी साइकिल पर टंगे नगदी से भरे बैग को लेकर फरार हो गया। पीड़ित ने बताया बैग में 50 हजार के साथ-साथ बैंक की पासबुक, आधार कार्ड, पैनकार्ड और उसका हॉस्पिटल का सरकारी कार्ड भी था। ट्रैकमैन ने बताया कि उसने शोर शराबा किया। लेकिन तब तक बाइक सवार बदमाश आंखों से ओझल हो गया। पीड़ित की रिपोर्ट पर पुलिस बैंक के सीसीटीवी कैमरे देख रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!