जिला कलक्टर ने वीरमपुरा एवं नगला बीजा में जनसुनवाई के दौरान समस्याओं के तुरन्त निस्तारण के दिए निर्देश

बयाना। जिला कलक्टर आलोक रंजन ने वीरमपुरा एवं नगला बीजा ग्राम पंचायतों के सभागार में आयोजित उपखण्ड स्तरीय जनसुनवाई में जनसमस्याओं की सुनवाई कर विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही निस्तारण करने के निर्देश दिये।
जनसुनवाई के दौरान रंजन ने वीरमपुरा एवं नगला बीजा ग्राम पंचायतों में आमजन को आ रही समस्याओं को सुना। जनसुनवाई में सार्वजनिक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, महिला एवं बाल कल्याण विभाग, सिंचाई विभाग, रसद विभाग एवं अन्य सम्बंधित विभागों से उच्च अधिकारी सम्मिलित हुए। रंजन ने हर फरियादी की समस्या को विस्तारपूर्वक सुना तथा प्रत्येक समस्या के निस्तारण के लिए मौके पर मौजूद सम्बंधित विभाग के अधिकारी को सख्त निर्देश दिये। फरियादी मनोहर दास की भूमि के अतिक्रमण एवं जमाबंदी की शिकायत को जिला कलक्टर ने विस्तार से सुना तथा उस पर गम्भीरता से संज्ञान लेते हुए सम्बंधित तहसीलदार को मामले का सही एवं न्यायपूर्वक निस्तारण करने के आदेश दिये। रंजन ने मौके पर उपस्थित विभागों के सभी अधिकारियों को निर्देश दिये कि जनता की समस्याओं के निस्तारण को उच्च प्राथमिकता दी जाये तथा शिकायतों को शीघ्र सुलझाने के लिए प्रतिबद्ध रहें।
रंजन ने जनसुनवाई की सभा के बाद आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे राज्य सरकार की जनकल्याणकारी मुख्यमंत्री चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना में अपना और अपने परिचितों का पंजीयन अवश्य करायें जिससे उन्हें 10 लाख तक निशुल्क इलाज तथा 5 लाख रूपये तक के दुर्घटना बीमा का लाभ मिल सकेगा।
वीरमपुरा एवं नगला बीजा में हुई जनसुनवाई में सुनी गयी अधिकतर समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया जिस पर परिवादियों एवं मौजूद आमजन ने संतोष व्यक्त किया।