ब्रेकिंग न्यूज़
जिला ब्यूरो साहिल
MN 7999509427
जिला जनसंपर्क कार्यालय छिंदवाड़ा, म.प्र
समाचार
कलेक्टर श्री सुमन ने की समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा
सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में पुनः प्रदेश
में प्रथम आने पर सभी अधिकारियों को दी बधाई
छिन्दवाड़ा/22 अगस्त 2022/ कलेक्टर श्री सौरभ कुमार सुमन ने कहा कि जिले के सभी अधिकारियों के प्रयासों से सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में इस माह जारी रैंकिंग में भी केवल छिंदवाड़ा जिला ए ग्रेड के साथ प्रदेश में प्रथम स्थान पर है। इसके लिए सभी विभागों के अधिकारियों को बधाई, लेकिन हमें शिकायतों को संतुष्टि के साथ निराकृत कराने की दिशा में लगातार प्रयास करना है। संतुष्टि का प्रतिशत निरंतर बढ़ाने का प्रयास करें। इस माह जो विभाग ‘डी’ ग्रेड में रह गए हैं, वे गंभीर हो जाएं और अपनी स्थिति में सुधार करें। कलेक्टर श्री सुमन आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक के दौरान सीएम हेल्पलाइन शिकायतों में निराकरण की विभागवार विस्तृत समीक्षा कर रहे थे। बैठक में न्यायालयीन प्रकरणों, विभिन्न आयोगों व वरिष्ठ कार्यालयों के लंबित प्रकरणों की समीक्षा के साथ ही आयुष्मान भारत योजना, संबल 2.0, विद्यार्थियों के जाति प्रमाण पत्र, स्कूल-आंगनबाड़ी केंद्रों में विद्युतीकरण, मतदाताओं की आधार लिंकिंग, वनाधिकार पट्टों, रोजगार मेला आयोजन की तैयारियों, कोविड प्रिकॉशन डोज टीकाकरण आदि में प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री सुमन ने बताया कि 25 अगस्त को मानव अधिकार आयोग द्वारा जिले से संबंधित प्रकरणों में समक्ष में सुनवाई की जाना प्रस्तावित है। आयोग द्वारा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में संबंधित पक्षकार/आवेदक की सुनवाई की जायेगी। इसके लिए संबंधित एसडीएम और तहसीलदार प्रकरण से संबंधित पक्षकारों/आवेदकों को जिला मुख्यालय पहुंचाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार 27 अगस्त को प्रदेश स्तर के साथ ही जिला स्तर पर भी रोजगार मेले का आयोजन किया जाना है। महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र, लीड बैंक मैनेजर और स्वरोजगार योजनाओं से संबंधित सभी विभाग और स्थानीय निकाय समुचित तैयारियां समय पर सुनिश्चित करें। शत-प्रतिशत प्रकरण बैंकों में भेजते हुए कार्यक्रम में अधिक से अधिक हितग्राहियों को लाभान्वित करने का प्रयास करें।
कलेक्टर श्री सुमन ने निर्देश दिए कि मतदाताओं की आधार लिंकिंग के लिए आधार संग्रहण कार्य की गति संतोषप्रद नहीं है, इसमें गति लाएं। परासिया और छिंदवाड़ा अनुविभाग इसमें विशेष ध्यान दें। उन्होंने बताया कि आधार लिंकिंग का कार्य नेशनल वोटर सर्विस पोर्टल के माध्यम से मतदाता स्वयं भी कर सकते हैं। इस संबंध में लोगों को जागरूक करें। सभी अधिकारी और कर्मचारी भी एन.वी.एस.पी.के माध्यम से अपना-अपना आधार लिंक करना सुनिश्चित करें। आयुक्त नगरपालिक निगम और सी.एम.एच.ओ.जिले के सभी नर्सिंग होम में अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित कराएं। पालन नहीं करने वालों पर कार्यवाही करें। राजस्व एवं वन विभाग के अधिकारी वनाधिकार पट्टों के शेष लंबित प्रकरणों का निराकरण भी शीघ्र सुनिश्चित कराएं जिससे उनमें से पात्रों को पी.एम.किसान सम्मान निधि और सी.एम.किसान कल्याण योजना का लाभ दिलाया जा सके। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेंद्र नारायण, एसडीएम छिंदवाड़ा श्री अतुल सिंह, नगरपालिक निगम आयुक्त श्री हिमांशु सिंह, सी.एम.एच.ओ. डॉ.जी.सी.चौरसिया व सिविल सर्जन डॉ.शिखर सुराना सहित सभी विभागों के प्रमुख व मुख्यालय के संबंधित अधिकारी कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में उपस्थित थे, जबकि अन्य सभी एसडीएम व खंड स्तरीय अधिकारी वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
क्रमांक/203/2353/22