धान खरीदी केंद्र में धक्का मुक्की बवाल अमानक धान लेने से मना करने पर हंगामा

धान खरीदी केंद्र में धक्का मुक्की बवाल अमानक धान लेने से मना करने पर हंगामा एक दूसरे पर आरोप पुलिस सुरक्षा मांगी प्रबंधक ने

चित्रलेखा श्रीवास की रिपोर्ट

कोरबा जिले के ग्राम तिलकेजा (थाना क्षेत्र उरगा) स्थित धान खरीदी केंद्र में मंगलवार को अच्छा-खासा हंगामा मचा रहा। बेचने लाये गए धान की कुछ मात्रा अमानक बताए जाने के दूसरे दिन यहां आकर किसान और उसके साथ आये लोगों ने हंगामा किया। कई तरह के आरोप समिति प्रबन्धक पर लगाये वहीं प्रबन्धक ने आरोपों को खारिज करते हुए प्रशासन से सुरक्षा की मांग की है।


यहां प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना था कि प्रभारी ने पांच किसानों के धान को अमानक बताकर लेने से इंकार कर दिया है। धान में नमी होने के साथ ही उसमें जड़ निकल आया है। धान लेने से मना करने के बाद किसान आक्रोशित हो गए और खरीदी केंद्र के गेट के बाहर धरने पर बैठ गए। किसानों ने प्रभारी पर दुर्व्यवहार करने के साथ ही पैसे मांगने का आरोप लगाया। इस दौरान धक्का-मुक्की की भी नौबत आ गई जिससे एक ग्रामीण चोटिल हो गया। किसान ने प्रभारी पर अभद्र व्यवहार का भी आरोप लगाया। सूचना बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया।
 प्रबन्धक ने कहा-अमानक धान खरीदने बना रहे दबाव, मांगी है सुरक्षा
इस मामले में आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित तिलकेजा के प्रभारी प्रबंधक दुलीचंद धीवर ने कलेक्टर (खाद्य शाखा) को आवेदन देकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी है। आवेदन के अनुसार गुणवत्ताहीन धान खरीदने का दबाव कुछ व्यापारी किसानों से सांठगांठ कर डाल रहे हैं और धान खरीदी में व्यवधान उत्पन्न कर रहे हैं जिन पर वैधानिक कार्रवाई की जाए। प्रबन्धक ने बताया कि खरीदी केंद्र में शासन के नियम का शत प्रतिशत पालन करते हुए धान खरीदी व परिवहन का कार्य व्यवस्थित रूप से किया जा रहा है। 8 जनवरी को कृषक युवराज सिंह पिता स्व.जयराम सिंह कंवर को टोकन जारी किया गया। कृषक द्वारा ट्रैक्टर में पांच ट्रिप धान केंद्र में लाया गया जिसका ढाल एवं परीक्षण उपरांत 464 बोरी धान मानक पाया गया जिसकी खरीदी तत्काल की गई। अमानक पाए गए 54 बोरी धान को पंचनामा बनाकर समिति में सैंपल रखते हुए किसान को गवाहों के समक्ष वापस किया गया। दूसरे दिन 9 जनवरी को किसान युवराज सिंह बिना पूर्व सूचना के अपने व्यापारी एवं देव मूरत कंवर, नरोत्तम धीवर, बुधराम गोड़, संजय राजपूत श्रीमती अनीता कैवर्त एवं अन्य लोगों के द्वारा धान उपार्जन केंद्र के गेट का सिटकनी बंद कर गेट के सामने अमानक धान खरीदी का दबाव करते हुए धरना प्रदर्शन किया गया। स्थल पर क्षेत्रीय विधायक फूलसिंह राठिया, भैसमा तहसीलदार के के लहरे द्वारा पहुंचकर इन्हें समझाइश देकर धान खरीदी कार्य प्रारंभ कराया गया। इस दौरान उप पंजीयक सहकारी संस्थाएं कोरबा के द्वारा धान की गुणवत्ता का निरीक्षण किया गया व किसानों से भी चर्चा की गई। समिति के प्रभारी प्रबन्धक ने बताया कि इस तरह के घटनाक्रम से भय व्याप्त है और शासन के नियम अनुसार धान खरीदी कार्य करने में अक्षम व लाचार महसूस कर रहा है। शेष धान खरीदी अवधि तक के लिए दो आरक्षक धान खरीदी केंद्र में तैनात करने का आग्रह किया गया है ताकि शासन की मंशाअनुरूप साफ सुथरा धान वास्तविक किसानों से खरीदी किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!