बोकारो में कोयला माफियाओं पर शिकंजा – ताराबेड़ा में 5 रैट-होल बंद, पिपल धोड़ा से 27 टन अवैध कोयला बरामद, ड्रोन ने खोली पोल

बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल की रिपोर्ट

बोकारो में कोयला माफियाओं पर शिकंजा – ताराबेड़ा में 5 रैट-होल बंद, पिपल धोड़ा से 27 टन अवैध कोयला बरामद, ड्रोन ने खोली पोल

बोकारो जिला के बेरमो थाना क्षेत्र में कोयला माफियाओं के खिलाफ CISF और CCL ने कमर कस ली है। 13 अक्टूबर 2026 मंगलवार को दोनों की संयुक्त कार्रवाई में अवैध कोयला कारोबार पर कड़ा प्रहार किया गया है। ताराबेड़ा बंद खदान में चल रहे 5 रैट-होल को बंद कराया गया है, जबकि नंबर-5 पिपल धोड़ा बस्ती से 27 टन अवैध कोयला बरामद कर जब्त किया गया है। इस पूरी कार्रवाई में ड्रोन सर्विलांस ने अहम भूमिका निभाई।अवैध कोयला खनन और अवैध भंडारण के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए CISF एवं CCL प्रबंधन की संयुक्त टीम ने ताराबेड़ा बंद खदान क्षेत्र में संचालित अवैध खनन गतिविधियों पर प्रभावी कार्रवाई की। इस दौरान अवैध खनन में इस्तेमाल किए जा रहे 5 रैट-होल बंद कराए गए, जबकि नंबर-5 पिपल धोड़ा बस्ती क्षेत्र में छापेमारी के दौरान 27 टन अवैध कोयला बरामद कर जब्त किया गया। इसके अतिरिक्त पानी कोल डंप के पास से भी लगभग 1.40 टन अवैध कोयला बरामद किया गया। बरामद कोयले को आगे की आवश्यक कार्रवाई के लिए CCL प्रबंधन को सौंप दिया गया।प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर CISF, CCL करगली के कमांडेंट को जानकारी मिली थी कि ढोरी क्षेत्र की ताराबेड़ा बंद खदान में असामाजिक तत्वों द्वारा अवैध रूप से कोयले का उत्खनन किया जा रहा है। साथ ही नंबर-5 पिपल धोड़ा बस्ती क्षेत्र में अवैध कोयला एकत्र कर रखा गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए CISF ने तत्काल CCL के महाप्रबंधक श्री राजीव कुमार सिंह को अवगत कराया। इसके बाद महाप्रबंधक के नेतृत्व में CISF एवं CCL प्रबंधन की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ताराबेड़ा बंद खदान में अवैध खनन के रैट-होल बंद कराए और बस्ती क्षेत्र में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध कोयला बरामद किया।इस पूरे अभियान में ड्रोन सर्विलांस कार्रवाई की अहम ताकत बना। ड्रोन के माध्यम से संदिग्ध गतिविधियों और अवैध रूप से जमा किए गए कोयले से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त हुईं। इन सूचनाओं के आधार पर छापेमारी को योजनाबद्ध एवं प्रभावी तरीके से अंजाम दिया गया।CISF ने स्पष्ट किया है कि अवैध कोयला खनन न केवल प्राकृतिक संसाधनों की लूट है, बल्कि इससे पर्यावरण को गंभीर नुकसान, स्थानीय लोगों की सुरक्षा प्रभावित होने तथा CCL के राजस्व को क्षति पहुंचने की आशंका भी रहती है। ऐसे में इस प्रकार की संयुक्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।इस संयुक्त अभियान में उप कमांडेंट गारा अभिलाष, श्री सुरेश सिंह, ASO श्री के. वी. ए. श्रीधर, सहायक कमांडेंट, सब-इंस्पेक्टर संतोष तिवारी, अमित कुमार, धर्मेंद्र कुमार, क्यूआरटी टीम तथा CCL गार्ड इंचार्ज शिल चंद सहित CCL गार्ड अनाम वारिस, माणिक दिगार, जितेंद्र रजक एवं अन्य कर्मियों की भूमिका सराहनीय रही।*

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!