अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, धौलपुर के निर्देशन में ताल्लुका विधिक सेवा समिति, राजाखेड़ा के तत्वावधान में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय राजाखेड़ा में स्कूली बच्चों के लिए ‘सुरक्षित स्कूल अवसंरचना’ विषय पर एक विशेष विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।

शिविर में सिविल न्यायाधीश एवं न्यायिक मजिस्ट्रेट आकाश शर्मा ने उपस्थित विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए बाल अधिकारों एवं विद्यालय परिसर में उनकी सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। न्यायिक मजिस्ट्रेट आकाश शर्मा ने सरल भाषा में ‘निःशुल्क एवं अनिवार्य शिक्षा अधिनियम, 2009’ के कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए बताया कि सुरक्षित विद्यालय भवन, हर मौसम में उपयोग योग्य कक्षाएं और सुरक्षित खेल का मैदान बच्चों का बुनियादी अधिकार है। उन्होंने बालिकाओं के लिए विद्यालय में अलग एवं स्वच्छ शौचालयों, सेनेटरी पैड की उचित व्यवस्था तथा पीने के शुद्ध पानी की अनिवार्यता पर विशेष जोर दिया। शर्मा ने बच्चों को बताया कि विद्यालय में किसी भी प्रकार का खतरा या असुरक्षा महसूस होने पर वे तुरंत अपने शिक्षकों, संस्था प्रधान या माता-पिता को सूचित करें। इसके अतिरिक्त, आपातकालीन स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, पुलिस आपातकाल 100 व 112, और रालसा हेल्पलाइन 15100 पर कॉल करके तुरंत मदद प्राप्त की जा सकती है। इस मौके पर विद्यालय की प्रिंसिपल ममता गुप्ता, सभी स्टाफ सदस्य, शुभम प्रताप सिंह, डोंगर सिंह, राजकुमार, घनश्याम और दुर्गेश मौजूद थे, ब्यूरो चीफ मनोज राघव राजाखेड़ा धौलपुर