बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्नवाल की रिपोर्ट
कथारा स्टाफ कॉलोनी में क्वार्टर का ताला तोड़कर चोरी, पीतल के बर्तन व चांदी के जेवर ले उड़े चोर।
बोकारो जिला के बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र के कथारा स्टाफ कॉलोनी में चोरी की घटना से लोगों में चिंता बढ़ गई है। कॉलोनी स्थित हीरा सिंह के क्वार्टर नंबर 1/C-18 का ताला तोड़कर चोरों ने पीतल के बर्तन और पुराने चांदी के जेवर समेत अन्य सामान की चोरी कर ली। घटना बीते सोमवार की रात 2:00 बजे की बताई जा रही है। मंगलवार की सुबह क्वार्टर लौटने पर गृहस्वामी को चोरी की जानकारी मिली। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बोकारो थर्मल थाना से एस आईं मनोज कुमार सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे,हीरा सिंह ने बताया कि उनके क्वार्टर में पोचारा (मरम्मत) का काम चल रहा है। सोमवार की शाम करीब सात बजे काम समाप्त होने के बाद वे क्वार्टर में ताला लगाकर दूसरे घर चले गए थे। मंगलवार की सुबह जब वे वापस लौटे तो क्वार्टर के सभी कमरों के ताले टूटे हुए मिले। अंदर जाने पर कमरों में सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि पीतल के बर्तन और बक्से से कुछ पुराने चांदी के जेवर गायब हैं। चोरों ने क्वार्टर के कमरों के ताले तोड़कर सामान खंगाला और कीमती वस्तुएं लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद बिटीपीएस थाना की पुलिस टीम सक्रिय हो गई है। एसआई मनोज सिंह के नेतृत्व में पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस चोरी की घटना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। कॉलोनी में क्वार्टर का ताला तोड़कर हुई इस घटना के बाद लोगो की चिंता बढ़ गई है।