टैक्सी ड्राइवर की मारपीट कर हत्या करने के मामले में फरार चल रहा 40 हजार का शातिर बदमाश गिरफ्तार
भरतपुर टैक्सी ड्राइवर की सरियों से पीट पीटकर निर्मम हत्या करने के मामले में फरार चल रहे 40 हजार रूपए के इनामी शातिर अपराधी योगेंद्र गुर्जर पुत्र राम चरण गुर्जर निवासी मोडान का पूरा तिघरिया पुलिस थाना नई मंडी हिंडौन सिटी को रविवार को उत्तराखंड के देहरादून से गिरफ्तार किया गया है। आरोपी करीब तीन महीने से फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर गुर्जर समाज ने धरना-प्रदर्शन किया था। मामले में पांच आरोपियों की पूर्व में गिरफ्तारी हो चुकी है,और एक अन्य आरोपी की पुलिस तलाश कर रही है। जानकारी के अनुसार, करौली के बल्लूपुरा निवासी इंद्राज गुर्जर ने 6 मार्च को बयाना के सदर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी कि उसका पुत्र दौलत सिंह 5 मार्च को अर्टिगा कार लेकर गया था। वह अपने साथी लोकेश के साथ बयाना के पीलूपुरा में खड़ा हुआ था। इस दौरान दो गाड़ियों में भरकर करीब एक दर्जन लोग आए और दोनों को गाड़ी में पटककर ले गए। आरोपियों ने जंगल में ले जाकर लोहे के सरियों से दौलत सिंह के साथ बेरहमी से मारपीट कर दौलत सिंह और लोकेश को अर्टिगा कार में डालकर हिंडौन के रेलवे ओवरब्रिज के पास पटक गए।आरोपी दौलत सिंह के गले से सोने की चेन और अंगूठी भी छीन कर ले गए। दौलत सिंह को लोकेश करौली के जिला अस्पताल लेकर आया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद परिजनों की मांग पर आईजी ने मामले की जांच करौली पुलिस को सौंप दी। पुलिस ने आरोपी योगेंद्र गुर्जर की गिरफ्तारी पर 40 हजार का इनाम भी घोषित कर दिया। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी योगेंद्र उत्तराखंड के देहरादून में है। जिस पर महू पुलिस चौकी प्रभारी महेश कुमार के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम देहरादून पहुंची और एक होटल में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया, पुलिस आरोपी को हिंडौन लाकर कड़ी पूछताछ कर रही है।।
भरतपुर से हेमंत दुबे