सेवानिवृत्त सीसीएल कर्मियों का एसबीआई में सम्मान, सुरक्षित निवेश के प्रति किया जागरूक।

बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्नवाल की रिपोर्ट

सेवानिवृत्त सीसीएल कर्मियों का एसबीआई में सम्मान, सुरक्षित निवेश के प्रति किया जागरूक।

बोकारो जिला के कथारा स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया शाखा में 30 सितंबर 2026 बुधवार को सीसीएल के सेवानिवृत्त कर्मियों के सम्मान में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। शाखा प्रबंधक राजीव रंजन के नेतृत्व में बैंक कर्मियों ने क्षेत्र के दर्जनों सेवानिवृत्त सीसीएल कर्मियों का स्वागत एवं सम्मान किया। इस दौरान सेवानिवृत्त कर्मियों को बैंक की विभिन्न योजनाओं और सुरक्षित निवेश के विकल्पों की जानकारी दी गई। शाखा प्रबंधक राजीव रंजन ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाली राशि जीवनभर की मेहनत की पूंजी होती है। इसलिए किसी के बहकावे या लालच में आकर बिना पूरी जानकारी के अपनी जमा पूंजी का निवेश नहीं करना चाहिए। कहा कि बैंक द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुरक्षित योजनाओं की जानकारी लेकर अपनी जरूरत और भविष्य को ध्यान में रखते हुए निवेश का निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मियों को साइबर ठगी से भी सतर्क रहने की सलाह दी।कहा कि बैंक कभी भी फोन पर एटीएम, ओटीपी, पासवर्ड या खाता संबंधी गोपनीय जानकारी नहीं मांगता है। ऐसे किसी भी फोन या संदेश पर भरोसा नहीं करना चाहिए। साथ ही अनजान लिंक पर क्लिक करने और किसी व्यक्ति को बैंक संबंधी जानकारी साझा करने से बचने की अपील की। बैंक अधिकारियों ने पेंशन, बचत, सावधि जमा, वरिष्ठ नागरिकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं सहित विभिन्न बैंकिंग सेवाओं की जानकारी भी दी। अधिकारियों ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मियों को बैंकिंग सुविधाओं का लाभ उठाने के साथ-साथ अपनी जमा पूंजी को सुरक्षित रखने के प्रति भी जागरूक रहना जरूरी है। कार्यक्रम के दौरान सेवानिवृत्त कर्मियों ने बैंक प्रबंधन की ओर से किए गए सम्मान के लिए आभार जताया। शाखा प्रबंधक ने कहा कि सेवानिवृत्त कर्मचारी समाज और संस्थान की महत्वपूर्ण पूंजी हैं। बैंक भविष्य में भी उनके लिए जागरूकता एवं सुविधा संबंधी कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!