भरतपुर 23 अक्टूबर
फीस जांच सत्यापन दल की कार्य प्रणाली से असंतुष्ट स्कूल शिक्षा परिवार से जुड़े निजी स्कूल संचालकों ने किया प्रदर्शन सौंपा ज्ञापन
भरतपुर। जिले के बयाना ब्लॉक स्थित निजी स्कूलों के संगठन स्कूल शिक्षा परिवार से जुड़े निजी स्कूल संचालकों ने बुधवार दोपहर मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में प्रदर्शन किया। धरना प्रदर्शन के बाद स्कूल संचालकों ने नाराजगी जताते हुए सीबीईओ की अनुपस्थिति में उनके चैम्बर में रखी खाली कुर्सी को सांकेतिक तौर पर ज्ञापन सौंपा। हालांकि बाद में आफिस के कर्मचारियों के कहने पर स्कूल संचालकों कार्यालय अधीक्षक नरेश कुमार को ज्ञापन की प्रति सौंपी। स्कूल शिक्षा परिवार के संभाग प्रभारी उदयभान शर्मा और ब्लॉक अध्यक्ष नीरज सारस्वत ने बताया फीस की जांच के लिए सत्यापन दल को केवल रसीद बुक, कैश बुक और फीस कमेटी की बैठक की प्रोसीडिंग देखने का अधिकार है। जबकि सत्यापन दल अपने अधिकारों से परे जाकर फीस कमेटी की ओर से निर्धारित फीस को निरीक्षण प्रतिवेदन में शामिल नहीं कर रहे हैं। इसके साथ ही फीस कमेटी की बैठक कार्यवाही के रजिस्टर में काट छांट भी कर रहे हैं। इससे कोर्ट के आदेशों का भी उल्लंघन हो रहा है। इसके अलावा स्कूल संचालकों ने आरटीई फीस की बकाया पुनर्भरण राशि का दिवाली से पहले भुगतान करने की भी मांग रखी।।
भरतपुर से हेमंत दुबे