बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट
शहीद कैलाश रजवार के 46वें शहादत दिवस पर दी गई श्रद्धांजलि, गर्री से बाजारटांड़ तक निकला जुलूस
झारखंड आंदोलन के शहीद स्व. कैलाश रजवार का 46वां शहादत दिवस शुक्रवार को बोकारो जिला के कसमार प्रखंड के बाजारटांड़ में श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर झारखंड आंदोलन की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।कार्यक्रम की शुरुआत गर्री स्थित स्व. कैलाश रजवार के आवासीय परिसर में स्थापित शहीद वेदी पर श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद गर्री से श्रद्धांजलि जुलूस निकाला गया, जो बाजारटांड़ पहुंचा। यहां आयोजित सभा में अतिथियों, कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने शहीद वेदी पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस दौरान शहीद की पत्नी शांति देवी तथा पुत्र सिकंदर कपरदार को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।सभा को संबोधित करते हुए झामुमो जिला उपाध्यक्ष विनय कपूर ने कहा कि कैलाश रजवार झारखंड आंदोलन के संघर्षशील योद्धा थे। उनका बलिदान राज्य के हित में काम करने की प्रेरणा देता है। वहीं कसमार प्रखंड प्रमुख नियोती कुमारी ने कहा कि शहीदों की कुर्बानी की बदौलत ही आज अलग झारखंड राज्य मिला है, उनके सपनों का झारखंड बनाना ही सच्ची श्रद्धांजलि होगी झामुमो केंद्रीय सदस्य जयनारायण महतो, विधायक प्रतिनिधि मोहम्मद शेरे आलम, प्रखंड अध्यक्ष दिलीप हेंब्रम और अन्य वक्ताओं ने कहा कि जल, जंगल, जमीन और सम्मान के लिए शहीदों ने जो संघर्ष किया, उसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है। उनके बताए रास्ते पर चलकर ही शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में बेहतर झारखंड बनाया जा सकता है।कार्यक्रम में झामुमो प्रखंड सचिव सोहेल अंसारी, माले नेता शकुर अंसारी, समाजसेवी सूरज जायसवाल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता उपस्थित थे।