बोकारो जिला के तेनुघाट अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष कामेश्वर मिश्रा की अध्यक्षता में संघ भवन में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई।

बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्नवाल की रिपोर्ट

अधिवक्ता के साथ मारपीट की निंदा

बोकारो जिला के तेनुघाट अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष कामेश्वर मिश्रा की अध्यक्षता में संघ भवन में एक आवश्यक बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक को संबोधित करते हुए अध्यक्ष कामेश्वर मिश्रा ने बताया कि बुधवार 9 सितंबर को संघ के सदस्य अधिवक्ता सोम प्रकाश दे अपने कार्य समाप्त कर घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में कुछ लोगों ने रोककर उनके साथ मारपीट की। संघ इसकी घोर निंदा करता है। साथ ही सरकार से अधिवक्ता सुरक्षा कानून लागू करने की मांग करता है। उन्होंने आगे बताया कि इस मामले में तेनुघाट ओपी प्रभारी भजन लाल महतो की कार्रवाई भी निंदनीय है। उनके द्वारा पीड़ित अधिवक्ता सोम प्रकाश दे के विरुद्ध भी मामला दर्ज किया गया है, जो काफी निंदनीय है। संघ मांग करता है कि उन्हें तत्काल तेनुघाट ओपी से हटाया जाए।
संघ के महासचिव वकील प्रसाद महतो ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही तेनुघाट ओपी प्रभारी को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस द्वारा केवल एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपी अभी भी खुले घूम रहे हैं। संघ ने निर्णय लिया है कि अधिवक्ताओं के साथ मारपीट करने वालों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने का प्रयास किया जाएगा, जिसमें संघ के सभी सदस्य एकजुट हैं। वहीं संघ के सदस्यों ने नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए आरोपी के पक्ष में किसी भी प्रकार की पैरवी नहीं करने का निर्णय लिया है।बैठक में अरुण कुमार सिन्हा, बद्री नारायण पोद्दार, गुरुदास अड्डी, बीरेंद्र कुमार सिन्हा, देव दत्त तिवारी, सुरेश यादव, विनोद कुमार गुप्ता, महेश ठाकुर, बासु कुमार दे, रमेन्द्र कुमार सिन्हा सहित अन्य अधिवक्ताओं ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए। इस अवसर पर उपाध्यक्ष वेंकट हरि विश्वनाथन, सहायक सचिव शंकर ठाकुर, राकेश कुमार, सोम प्रकाश दे, गणेश तिवारी, मनोज कुमार सहित अन्य कई अधिवक्ता उपस्थित थे।ओपी प्रभारी ने कहा – त्वरित कार्रवाई की
इस बारे में तेनुघाट ओपी प्रभारी भजन लाल महतो ने बताया कि अधिवक्ता सोम प्रकाश दे से घटना की जानकारी मिलते ही त्वरित कार्रवाई की गई। सूचना मिलते ही थाना की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची और एक आरोपी को पकड़कर लाया गया। इसके बाद दोनों पक्षों द्वारा मामला दर्ज कराया गया। सोम प्रकाश दे द्वारा दर्ज कराए गए मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय के आदेश से तेनुघाट जेल भेज दिया गया है। मामले की छानबीन कर अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *


error: Content is protected !!