धौलपुर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देशन में पुलिस कर्मियों में खेल भावना जागृत करने, टीम भावना विकसित करने तथा खिलाड़ियों को नियमित रूप से खेलकूद से जुड़ने के लिए प्रेरित करने एवं अपने स्वास्थ्य के प्रति पुलिसकर्मियों को सजग करने के उद्देश्य से धौलपुर पुलिस बैडमिंटन टूर्नामेंट–2026 का आयोजन किया गया।

धौलपुर पुलिस द्वारा आयोजित यह बैडमिंटन टूर्नामेंट आज दिनांक 3 जनवरी 2026 को बृज बैडमिंटन अकैडमी, सुरजीत नगर, हुंडवाल रोड, धौलपुर में उत्साहपूर्वक संपन्न हुआ। इस खेल आयोजन में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अनुशासन, उत्साह एवं खेल भावना का उत्कृष्ट परिचय दिया।
टूर्नामेंट का उदघाटन श्री वैभव शर्मा RPS अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, धौलपुर द्वारा रैकेट से शटल मारकर किया गया। उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए खेलों को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।
टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कलेक्टर श्री निधि बी.टी. IAS, सम्मानित अतिथि ए. निवृत्ति सोमनाथ IAS, मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद धौलपुर तथा विशिष्ट अतिथि मितिका दहिया, IRS (पुलिस अधीक्षक धौलपुर की धर्मपत्नी), उप आयुक्त आयकर, जयपुर ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। फाइनल मुकाबले की पश्चात आगंतुक अतिथिगणों ने मैत्री मैच भी खेला।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान द्वारा आगंतुक अतिथिगण का स्वागत किया गया एवं कार्यक्रम में पधारने हेतु उनका हार्दिक धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया गया।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कांस्टेबल चंद्रकांत शर्मा एवं कांस्टेबल पप्पू गोस्वामी ने विजेता का खिताब प्राप्त किया, जबकि अंकुर कौशिक (निजी सहायक) एवं कांस्टेबल रवि पाठक ने उपविजेता स्थान हासिल किया।
टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों की फिटनेस एवं त्वरित उपचार हेतु फिजियोथेरेपिस्ट के रूप में डॉ. दुष्यंत राजपूत ने अपनी सराहनीय सेवाएं प्रदान कीं, जिसके लिए आयोजकों एवं खिलाड़ियों द्वारा उनका विशेष आभार व्यक्त किया गया।
धौलपुर पुलिस बैडमिंटन टूर्नामेंट–2026 की समस्त व्यवस्थाओं के नोडल अधिकारी हरेंद्र सिंह रजाना, उप निरीक्षक, थाना निहालगंज रहे, जिन्होंने आयोजन को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
साथ ही बृज बैडमिंटन अकैडमी के संस्थापक श्यामू भैया एवं उनके सुपुत्र व कोच देवकीनंदन जायसवाल का भी अकैडमी द्वारा प्रदान किए गए सहयोग एवं उत्कृष्ट खेल सुविधाओं हेतु धौलपुर पुलिस की ओर से पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान द्वारा विशेष आभार व्यक्त किया गया।
आयोजन समिति द्वारा सभी अतिथिगण, प्रतिभागियों, विजेताओं एवं सहयोगी स्टाफ को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार के खेल आयोजनों के माध्यम से पुलिस बल में स्वास्थ्य, ऊर्जा एवं सकारात्मक कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देने का संकल्प व्यक्त किया गया। संवाददाता मनोज राघव ब्यूरो चीफ धौलपुर