बोकारो से ब्यूरो अनिल बरनवाल कि रिपोर्ट
तेलमच्चो पुल के पास दामोदर नदी में मिला अज्ञात बुजुर्ग का शव, इलाके में फैली सनसनी
बोकारो जिले के दामोदर नदी स्थित तेलमच्चो पुल के पास सोमवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव मिलने की सूचना पर आसपास के ग्रामीणों और मछुआरों की भीड़ मौके पर जुट गई। इस दौरान पुपुनकी गांव के स्थानीय मछुआरों ने तत्परता दिखाते हुए नदी से शव को बाहर निकाला।घटना की सूचना मिलते ही चास मुफ्फसिल थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। पुलिस ने एंबुलेंस की व्यवस्था कर शव को पोस्टमार्टम और पहचान के लिए चास सदर अस्पताल भेज दिया।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतक की उम्र लगभग 65 से 70 वर्ष के बीच होने का अनुमान है। बताया जा रहा है कि व्यक्ति की आंखों का ऑपरेशन हुआ था और उसकी आंखों पर काला चश्मा लगा हुआ था। हालांकि, मृतक की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका भी फिलहाल पता नहीं चल पाया है।पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी का परिजन, रिश्तेदार या परिचित पिछले कुछ दिनों से लापता है, तो चास सदर अस्पताल अथवा चास मुफ्फसिल थाना से संपर्क कर शव की पहचान करने में सहयोग करें। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।