बोकारो से ब्यूरो अनिल बर्नवाल की रिपोर्ट
डीएलसी अभियान में 50 पेंशनधारियों का मोबाइल से हुआ पंजीकरण, अब घर बैठे जमा कर सकेंगे लाइफ सर्टिफिकेट।

पेंशनधारियों को लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने की प्रक्रिया में होने वाली परेशानियों से राहत दिलाने के उद्देश्य से 20 नवंबर 2026 शुक्रवार को बोकारो जिला के कथारा ऑफिसर्स क्लब में डीएलसी (डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट) अभियान का आयोजन किया गया। अभियान में लगभग 50 पेंशनधारियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी में पेंशनधारियों का मोबाइल नंबर लिंक करने के साथ डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट बनाने और जमा करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। इस पहल से पेंशनधारियों को काफी सहूलियत मिलेगी। अब उन्हें प्रत्येक वर्ष अपना लाइफ सर्टिफिकेट जमा करने के लिए बैंक का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। वे मोबाइल के माध्यम से डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट तैयार कर ऑनलाइन जमा कर सकेंगे। इससे विशेष रूप से बुजुर्ग एवं अस्वस्थ पेंशनधारियों को राहत मिलेगी।
गौरतलब है कि पहले पेंशनधारियों को प्रत्येक वर्ष बैंक जाकर स्वयं उपस्थित होकर अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा करना पड़ता था। निर्धारित समय पर प्रमाण पत्र जमा नहीं होने की स्थिति में पेंशन भुगतान में भी परेशानी हो सकती थी। डीएलसी अभियान के माध्यम से इस प्रक्रिया को डिजिटल और आसान बनाने की पहल की गई है।अभियान में सीसीएल मुख्यालय रांची से आए अधिकारियों में विकास चंद्र सिंह, अजीत कुमार, नवीन कुमार एवं ओम प्रकाश दुबे शामिल थे। वहीं कथारा क्षेत्र की ओर से विभागाध्यक्ष (मानव संसाधन) माधुरी मांडके, प्रबंधक (मानव संसाधन) गुरु प्रकाश मंडल, राजबल्लभ कुमार तथा मनीष चौधरी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने पेंशनधारियों को डिजिटल सुविधा का लाभ उठाने और मोबाइल के माध्यम से जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया से अवगत कराया।