बारां -पंकज राठौर
ऑनलाइन दौर में संगठन ही व्यापार की ढाल
जिला कपड़ा व्यापार समिति का नववर्ष स्नेह मिलन समारोह गरिमा के साथ संपन्न
बारां।

डिजिटल प्रतिस्पर्धा के इस दौर में व्यापारी एकता और संगठन की मजबूती समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। यह बात जिला कपड़ा व्यापार समिति, बारां के पाँचवें जिला स्तरीय नववर्ष स्नेह मिलन समारोह में मुख्य अतिथि श्री जयनारायण हल्दीया (पूर्व चेयरमेन, बारां नागरिक सहकारी बैंक) ने कही। समारोह श्री सौभाग्य श्री गार्डन में सौहार्दपूर्ण वातावरण में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। जिला अध्यक्ष श्री रमण गर्ग ने सभी अतिथियों व व्यापारियों का पारंपरिक तिलक-अक्षत से स्वागत किया। समिति के अध्यक्ष एवं प्रवक्ता श्री प्रदीप जैन ने बताया कि विशेष अतिथि के रूप में श्री मनीष लस्करी (अध्यक्ष, व्यापार संघ क-वर्ग, कृषि उपज मंडी बारां) एवं श्री ओम भारद्वाज (अध्यक्ष, बार काउंसिल बारां) उपस्थित रहे।
अतिथियों ने अपने संबोधन में कहा कि ऑनलाइन व्यापार से घबराने के बजाय संगठित होकर प्रतिस्पर्धा करना ही समाधान है। संगठन की एकता से ही छोटे, मध्यम और बड़े व्यापारियों की समस्याओं का समाधान संभव है।
कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पधारे व्यापारियों की उल्लेखनीय सहभागिता रही। हास्य क्लब से जुड़े वरिष्ठ व्यापारी श्री मेवाराम चौधरी ने हास्य-व्यंग्य से आयोजन को रोचक बनाया। प्रभावशाली मंच संचालन श्री धीरज हल्दीया ने किया।
अध्यक्ष प्रदीप जैन ने नगर में लगने वाले अस्थायी मेलों से छोटे एवं मध्यम व्यापारियों को हो रही परेशानियों का मुद्दा उठाते हुए सभी संगठनों से एकजुट होकर आवाज़ बुलंद करने की अपील की।
समारोह के अंत में समिति के मुख्य सलाहकार श्री धीरज हल्दीया को वर्ष 2026 का “बेस्ट एक्टिव अवॉर्ड” प्रदान किया गया। सभी अतिथियों को प्रतीक चिन्ह भेंट किए गए।
कार्यक्रम में सचिव अमर सिंह, कोषाध्यक्ष राजेंद्र जैन सहित समिति के समस्त पदाधिकारियों व व्यापारियों का सहयोग सराहनीय रहा। अंत में सहभोज के साथ समारोह का समापन किया गया।